अलवर में ट्रैक्टर से ATM उखाड़ने वाले शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे, राजस्थान-हरियाणा तक फैला था नेटवर्क

अलवर के उद्योग नगर थाना पुलिस और DST ने कार्रवाई करते हुए राठी मार्केट से एटीएम उखाड़कर ले जाने वाले इंटरस्टेट गैंग के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
एटीएम लूट के आरोपी
NDTV

राजस्थान के अलवर जिला पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है. अलवर के उद्योग नगर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देते हुए, एटीएम (ATM) मशीन उखाड़कर चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो मुख्य आरोपियों को दबोचने में कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पूरी की पूरी एटीएम मशीन, वारदात में इस्तेमाल किया गया एक आयशर ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है.

राठी मार्केट में हुई थी 4.92 लाख रुपये की वारदात

मामले का खुलासा करते हुए रामगढ़ के डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया कि बीते 17 जून की रात को उद्योग नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राठी मार्केट में बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया था. अज्ञात नकाबपोश बदमाश वहां की एटीएम मशीन को उखाड़कर ले गए थे. बैंक प्रबंधन के मुताबिक, उस समय एटीएम मशीन के भीतर करीब 4 लाख 92 हजार 500 रुपये की नकदी मौजूद थी. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए उद्योग नगर थाने में तुरंत मुकदमा दर्ज किया गया और थाना प्रभारी भूपेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन की गई.

Advertisement

 राजस्थान से हरियाणा तक खंगाले CCTV फुटेज

एसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी ने मामले की जांच के लिए राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न मार्गों के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. इसके बाद, साइबर सेल की तकनीकी मदद के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हम्बीर सिंह जाट और कमलेश कुमार मीणा के रूप में हुई है, जो अलवर जिले के टहला क्षेत्र के ही रहने वाले हैं.

उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों में कबूलीं वारदातें

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में भी सक्रिय थे. गिरोह ने आगरा, पलवल और हिसार (हरियाणा) में भी कई एटीएम मशीनें और  ट्रैक्टर चोरी की कई वारदातें कबूल की हैं.  पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं. फिलहाल पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: एसओजी के हत्थे चढ़ा पूर्व खेल सचिव बुद्धाराम टांक, 2-2 लाख में बनवाए थे जाली खेल प्रमाण-पत्र