Deeg News: राजस्थान के डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र में जमीनी रंजिश ने एक बेहद हिंसक लिया. घटना गांव मुरार की है जहां दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा जमीन का विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें एक ने दूसरे पक्ष पर सरेआम ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस दिल दहलाने वाली घटना में महिलाओं सहित 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
जमीनी विवाद को लेकर खून के प्यासे हुए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हिंसक टकराव सर्वसुख और सोहनला पक्षों के बीच हुआ. ताबड़तोड़ फायरिंग में सर्वसुख पक्ष के 7 लोग और सोहनला पक्ष के 2 लोग घायल हुए हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सर्वसुख पक्ष के सभी घायलों को कामां के राजकीय अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों की हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भरतपुर के आरबीएम (RBM) अस्पताल रेफर कर दिया गया है. वहीं, सोहनला पक्ष के दोनों घायलों का इलाज कामां अस्पताल में ही जारी है.घायलों की स्थिति में सुधार हो रहा है लेकिन अभी खतरे से बाहर नहीं है.
कोर्ट में लंबे समय से चल रहा है मामला
स्थानीय लोगों ने बताया की दोनों पक्षों के बीच जमीन के एक टुकड़े को लेकर काफी समय से कोर्ट में लड़ाई चल रही है. शुक्रवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई की एक पक्ष ने बंदूक निकालकर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं, गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा गांव थर्रा उठा और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
वहीं घटना की सूचना मिलते ही कामां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं, गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: जयपुर एसएमएस में संविदाकर्मी ने खाया जहर, नौकरी से निकाले जाने पर था परेशान
यह भी पढ़ें: 60 साल का दूल्हा और 58 साल की दुल्हन, 25 साल लिव-इन में रहने के बाद लिए फेरे, 4 बेटों ने करवाई शादी