राजस्थान: मां-बाप के सामने 14 साल की बेटी का घर से अपहरण, देखता रह गया भाई; विरोध करने पर तान दी बंदूक

राजस्थान के बहरोड़ जिले में 14 साल की मासूम को घर के आंगन से बदमाश उठाकर ले गया. विरोध करने पर उसने परिजनों पर बंदूक तान दी थी. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बहरोड़: आधी रात घर में घुसा बदमाश, कट्टा दिखाकर 14 साल की नाबालिग को उठा ले गया
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बहरोड़ सदर थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने आधी रात को घर में घुसकर एक 14 साल की नाबालिग बच्ची का अपहरण कर लिया. वारदात के दौरान जब परिजनों ने विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर कट्टा तान दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया.

क्या है पूरा मामला?

वारदात 17 मार्च की रात करीब 1:30 बजे की है. पीड़ित परिवार के मुताबिक, 14 वर्षीय नाबालिग अपने छोटे भाई के साथ घर के आंगन में सो रही थी. बाकी परिजन पास के कमरे में थे. इसी दौरान इंदिरा कॉलोनी (अशोक विहार) निवासी सोनू पुत्र लालाराम उर्फ लट्टूर यादव घर का गेट फांदकर अंदर दाखिल हुआ. आरोपी ने सो रही बच्ची को जबरन उठाया और बाहर ले जाने लगा.

Advertisement

हथियार के दम पर वारदात

आहट सुनकर जब परिजन बाहर आए और आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो सोनू यादव ने अवैध हथियार (कट्टा) निकाल लिया. उसने परिजनों को कट्टा दिखाकर पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया. इसके बाद आरोपी लड़की को जबरन एक गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने की नाकाबंदी

घटना की सूचना मिलते ही बहरोड़ सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिजनों ने आरोपी सोनू उर्फ लट्टूर यादव के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कराई है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें:- कोरा कागज हाथ में था, शर्तें लिखने की आजादी थी... जानें कैसे जैसलमेर के एक फैसले से भारत का हिस्सा बने जोधपुर-बीकानेर