धौलपुर में निहालगंज थाना क्षेत्र के ओंडेला ताल इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम शुभकांति पुत्री अखिलेश की बारिश के पानी में डूबने से मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, मासूम की मां घर से बाहर निकली थी. उसी दौरान तीन वर्षीय शुभकांति भी चुपचाप मां के पीछे निकल गई, लेकिन मां को इसका पता नहीं चल सका. रास्ते में 3 से 4 फीट तक भरे वर्षा के पानी में मासूम का पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गई.
पानी में उतरा रही थी लाश
कुछ देर बाद पानी में मासूम का शव उतराता दिखाई देने पर इलाके में हड़कंप मच गया. परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इकलौती बेटी थी शुभकांति
बताया जा रहा है कि मृतक शुभकांति अपने भाई-बहनों में एक थी. सूचना मिलते ही निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी.
यह भी पढ़ें: Watch video: निकाय चुनाव में 102 साल की महिला वोटर, 50वीं बार किया मतदान