Rajasthan Bomb Threat: '1:13 बजे अजमेर कोर्ट में एक साथ होंगे 4 बम धमाके', 7 दिन में दूसरी बार मिली धमकी; सर्च ऑपरेशन शुरू

Ajmer District Court Under High Alert: 'ठीक 1:13 बजे दहल जाएगा अजमेर कोर्ट'... इस एक मैसेज ने राजस्थान पुलिस की नींद उड़ा दी है. 6 दिन पहले भी धमकी मिली थी, आज फिर 4 बम धमाकों का दावा किया गया है. ईमेल मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है और सर्च ऑपरेशन शुरू हो चुका है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
अजमेर जिला कोर्ट को 7 दिन में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर (Ajmer) से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. जिला सेशन न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. संभागीय आयुक्त (DC) की आधिकारिक ईमेल आईडी पर दोपहर 1:13 बजे 4 बम धमाके करने का संदेश मिलने के बाद पूरे प्रशासनिक और सुरक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है. पुलिस ने आनन-फानन में कोर्ट परिसर को घेरे में ले लिया है और सघन तलाशी अभियान (Search Operation) शुरू कर दिया गया है.

एक साथ 4 बम फटने का दावा

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर को संभागीय आयुक्त के ईमेल पर एक अज्ञात संदेश प्राप्त हुआ. इस ईमेल में दावा किया गया कि अजमेर जिला न्यायालय परिसर में चार अलग-अलग जगहों पर बम प्लांट किए गए हैं, जो ठीक 1:13 बजे फटेंगे. जैसे ही यह सूचना प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंची, सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया. कोर्ट के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है.

7 दिन में दूसरी बार मिली धमकी

हैरानी की बात यह है कि अजमेर कोर्ट को बम से उड़ाने की यह धमकी महज एक हफ्ते में दूसरी बार मिली है. इससे पहले पिछले शुक्रवार को भी इसी तरह का एक धमकी भरा ईमेल आया था. उस दौरान डॉग स्क्वायड, बम निरोधक दस्ते और मेटल डिटेक्टर की मदद से करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला था, लेकिन कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ था.

ईमेल भेजने वाले को ढूंढ रही साइबर टीम

पिछली बार की घटना को लेकर सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया था, जिसकी जांच अभी चल ही रही थी कि आज फिर मिली धमकी ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल स्थानीय पुलिस और खुफिया विभाग (Intelligence) एक्टिव हो गए हैं. न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले हर शख्स की कड़ी निगरानी की जा रही है. साइबर सेल उस ईमेल एड्रेस को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है जिससे यह संदेश भेजा गया है. प्रशासन का कहना है कि वे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं और आम जनता से अपील की गई है कि वे पैनिक न करें. फिलहाल पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- शराब समझकर पी गए खाना गर्म करने वाला 'फ्यूल', राजस्थान में एक के बाद एक 4 ने तोड़ा दम

LIVE TV देखें