सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत, ट्रक की टक्‍कर से बस के उड़े परखच्‍चे

हनुमानगढ़ में हुए सड़क हादसे में 7-8 लोगों के घायल होने की सूचना है. रावतसर पुल‍िस मामले की जांच कर रही है. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
ट्रक से टक्कर के बाद स्लीपर बस के परखच्चे उड़ गए.

हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया. मेगा हाईवे पर बरमसर के पास श्रीगंगानगर से जयपुर जा रही एक निजी यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भयावह थी कि बस का एक हिस्स पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया. हादसे में एक मासूम बच्चे समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल हैं. 

हादसे के बाद चीख-पुकार

घटना की सूचना मिलते ही रावतसर पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा. हादसे के बाद मेगा हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात पूरी तरह जाम हो गया. रावतसर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला, और एम्बुलेंस से तुरंत रावतसर ट्रॉमा सेंटर भेजा. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर जाम खुलवाया. 

Advertisement

3 लोगों की हालत नाजुक 

हादसे की सूचना पर एसडीएम संजय कुमार, पुलिस के कई अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि घायलों का हाल जानने और घटनाक्रम की जानकारी लेने पहुंचे. प्रारंभिक उपचार के बाद घायलों में से 3 की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया है.  

मृतकों की पहचान

  • अजय बंसल (निवासी हनुमानगढ़ टाउन)
  • श्याम लाल (निवासी हनुमानगढ़ टाउन)
  • हरिराम (निवासी 6 एमडीए, हनुमानगढ़ टाउन)
  • दो अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास अभी जारी हैं. 

गंभीर घायल हायर सेंटर रेफर

धर्मेंद्र (सेक्टर 6, हनुमानगढ़ जंक्शन)
एक छोटा बच्चा (निवासी श्रीगंगानगर)
एक अज्ञात पुरुष
अन्य घायल उपचाराधीन
 सुमन पत्नी अमित सोनी, श्रीगंगानगर, महेंद्र कुमार श्रीगंगानगर, आदित्य श्रीगंगानगर, अरविंद लालगढ़ जाटान और रिचु नागपाल हनुमानगढ़ जंक्शन का इलाज चल रहा है. फिलहाल रावतसर पुलिस अज्ञात मृतकों की पहचान के प्रयास और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है. 

पूर्व सीएम गहलोत ने दी श्रद्धांंजलि  

हादसे के बाद राजस्‍थान के पूर्व मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीड‍िया पर पोस्‍ट करके मरने वालों को श्रद्धांजल‍ि दी और घायलों के स्‍वस्‍थ होने की कामना की.  उन्होंने सोशल मीड‍िया X पर ल‍िख,  "हनुमानगढ़ के रावतसर क्षेत्र में बरमसर के पास मेगा हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 5 व्यक्तियों की मृत्यु होना बेहद दुखद है.  ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं उनके शोकाकुल परिजनों को धैर्य तथा  हिम्मत प्रदान करें. घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं." 

Advertisement

यह भी पढ़ें: राजस्थान में हाईवे किनारे बने होटल-ढाबों पर चलेगा बुलडोजर, 75 मीटर के दायरे में आने वाले निर्माण होंगे जमींदोज