Rajasthan News: राजस्थान में ठगी का मामला तेजी से बढ़ता जा रहा है. एक ओर जहां साइबर ठगी तेजी से बढ़ती जा रही है, जो हर तबके के लोगों को निशाना बना रहे हैं. इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. वहीं फर्जी कंपनियों के द्वारा भी लोगों से करोड़ों की ठगी की जा रही है. ऐसा ही मामला राजस्थान के कोटा में भी देखने को मिला जहां दो साल पहले एक फर्जी कंपनी खोली गई. इसके जरिए 8500 लोगों के साथ ठगी की गई. वहीं 2 करोड़ रुपये की ठगी के बाद आरोपी ऑफिस बंद कर फरार हो गया.
ठगी का कारोबार करने वाला मास्टमाइंड काफी समय से फरार था. वहीं राजस्थान पुलिस ने उस आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी रखा था. अब यह आरोपी बिहार से गिरफ्तार किया गया है. जो अंतर्राज्यीय गिरोह का मास्टमाइंड निकला. आरोपी बिहार का ही रहने वाला था.
2500 रुपये 8500 लोगों से ठगे
कोटा शहर के अनंतपुरा थाना पुलिस ने घर बैठे रोजगार का झांसा देकर हजारों लोगों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड को बिहार से गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि अनंतपुरा थाने में 15 नवंबर 2025 को कुलदीप शर्मा सहित कई पीड़ितों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ‘ओएसिस एंटरप्राइजेज' नाम से कंपनी खोलकर आरोपी ने 2500 रुपये सुरक्षा राशि के नाम पर करीब 8500 लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये ठग लिए और कार्यालय बंद कर फरार हो गया.
बिहार खगड़िया का रहने वाला है मास्टमाइंड दीपक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया और आईजी कोटा रेंज ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल सर्विलांस के आधार पर पुलिस टीम ने बिहार के नवगछिया स्थित एक होटल में दबिश देकर आरोपी कुमार सानू उर्फ दीपक सिंह निवासी बिहार खगड़िया को गिरफ्तार किया. उसके पास से नकदी, कार और फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं.
यह भी पढ़ेंः Rajasthan: गैंगस्टर की पोस्ट को लाइक या फॉलो किया तो पहुंच जाएंगे जेल, पुलिस रख रही है पैनी नजर