कांस्टेबल ने थाना अधिकारी पर किया हमला, शराब के नशे में नुकीले हथियार से वार; आरोपी फरार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कांस्टेबल रणजीत ताडा और थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा

Nagaur News: राजस्थान के नागौर जिले के जायल थाने में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां थाने में तैनात एक कांस्टेबल ने ही अपने थाना अधिकारी (सीआई) पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी कांस्टेबल फरार बताया जा रहा है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जायल थाने में कार्यरत कांस्टेबल रणजीत ताडा शराब के नशे में हाथ में नुकीला सुवा लेकर थाने पहुंचा. बताया जा रहा है कि उसने पहले थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के पीछे दौड़ लगाई और बाद में थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा के सरकारी क्वार्टर तक पहुंच गया.

कांस्टेबल ने उन पर सुवे से हमला कर दिया

आरोपी ने क्वार्टर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. दरवाजा टूटने की आवाज सुनकर सीआई मुकेश कुमार वर्मा की नींद खुल गई, लेकिन जैसे ही वह उठे, कांस्टेबल ने उन पर सुवे से हमला कर दिया. घटना के समय उनकी पत्नी भी कमरे में मौजूद थीं, जो हमले से घबरा गईं. बाद में अन्य पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला.

थानाधिकारी को खरोंचें और मामूली चोटें आईं

हमले में थानाधिकारी को खरोंचें और मामूली चोटें आईं. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया. राहत की बात यह रही कि हमला शरीर के किसी संवेदनशील हिस्से पर नहीं लगा, जिससे गंभीर हादसा टल गया.

Advertisement

आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ प्रकरण दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पूरे मामले की जांच जारी है. नागौर एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.