Ratangrah News: रतनगढ़ शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दादी पर अपनी ही 15 माह की मासूम पोती की हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 44 निवासी निलोफर पत्नी अकरम बिसायती ने रतनगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी सास जरीना शादी के बाद से ही उससे रंजिश रखती थी. रविवार सुबह उसकी 15 माह की बेटी सना घर में खेल रही थी. इसी दौरान जरीना बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई. कुछ समय बाद बच्ची घर में नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की. परिवार के अन्य सदस्यों ने बताया कि सना को जरीना अपने साथ लेकर गई थी. इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने पूरे मामले में क्या बताया?
थाना अधिकारी सीआई गौरव खिड़िया ने बताया कि पुलिस की जांच में सामने आया कि जरीना बच्ची को रामचंद्र पार्क से ईदगाह मस्जिद की ओर जाने वाली सड़क पर बने गंदे नाले के पास ले गई थी, जहां कथित रूप से उसे पानी में डुबो दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और नाले से बच्ची का शव बरामद किया.
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे लापता हुई मासूम सना का शव दोपहर करीब 3 बजे नाले से बाहर निकाला गया. पुलिस ने आरोपी दादी जरीना को राउंडअप कर पूछताछ शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं से घटना की पड़ताल कर रही है.
यह भी पढ़ें- टिल्लू हत्याकांड: 6 साल बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नीचे दफन सच की तलाश, काटी जा रही सड़क