Barmer News: बाड़मेर जिले के रामसर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जंहा शादी के महज डेढ़ साल बाद एक युवती की घर के पास बने टांके में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. प्रारंभ में इसे आत्महत्या बताया गया लेकिन दो दिन बाद पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है.मृतका जेती पत्नी रेशमाराम निवासी चाडी गांव के गिडालियों का तला ने टांके में कूदकर कथित रूप से अपनी जान दे दी. पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकाला, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया.
पीहर पक्ष का दावा
चचेरे भाई जूंजाराम ने बताया कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर महिला को लगातार परेशान कर रहा था. गांव के सम्मानित लोगों से कई बार समझाइश भी कराई गई लेकिन स्थिति नहीं सुधरी. मृतका के गले में खरोंचे देखकर परिवार को संदेह हुआ कि उसे पहले मारकर टांके में डाला गया. मुख्य शक जेठ मगाराम पर है, जो घर में रहता है. हालांकि घटना के समय पति रेशमाराम घर पर नहीं था, फिर भी परिवार ने साजिश में उसे भी शामिल बताया.
पुलिस की कार्रवाई
रामसर थानाधिकारी पदमाराम ने जानकारी दी कि सोमवार को पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर पति रेशमाराम, जेठ मगाराम और सास के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच अब रामसर डीएसपी मानाराम गर्ग के नेतृत्व में चल रही है. पुलिस ने बताया कि शादी डेढ़ साल पहले हुई थी और रिपोर्ट में दहेज प्रताड़ना के कई प्रयासों का जिक्र है, जिनमें गांव स्तर पर समझौते भी हुए थे, लेकिन प्रताड़ना रुकी नहीं.परिवार और पुलिस दोनों ही पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की जांच में जुटे हैं.