राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Anti Corruption Bureau) ने ब्यावर में एक हेड कांस्टेबल को 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. हेड कांस्टेबल ने भैंस चोरी के एक मामले में एक दलाल के माध्यम से रिश्वत मांगी थी. एसीबी की टीम ने हेड कांस्टेबल रामाकिशन और दलाल कानाराम को रंगेहाथ धर दबोचा. लेकिन, हेड कांस्टेबल ने रिश्वत की राशि अपने एक साथी को दे दी जो पैसे लेकर भाग गया. टीम फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.
एसीबी को मिली थी शिकायत
एएसपी राजवीर सिंह ने बताया कि एसीबी को ब्यावर सदर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल रामाकिशन और कांस्टेबल मनोज के बारे में शिकायत मिली थी. बताया गया कि दोनों मिलकर परिवादी की बहन से भैंस चोरी के एक मामले में राजीनामा करवाने की एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग कर परेशान कर रहे हैं. यह रकम राजीनामा राशि 9 हजार रुपए के अतिरिक्त थी.
इसके बाद एसीबी टीम ने आरोप का सत्यापन करवाया. फिर एसीबी ने आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ने के लिए योजना बनाकर जाल बिछाया. यह तय हुआ कि कांस्टेबल मनोज और हेड कांस्टेबल रामाकिशन को 8 हजार रुपए रिश्वत राशि दी जाएगी.
थाने में ही गिरफ्तार
सोमवार शाम को ब्यावर सदर थाने के हेड कांस्टेबल रामाकिशन के लिए दलाल कानाराम ने परिवादी से 8 हजार रुपए की रिश्वत ली. लेकिन तभी एसीबी टीम वहां पहुंच गई. मौके पर एसीबी टीम को देखकर कानाराम ने अपने परिचित राहुल काठात को रुपए थमा दिए.
राहुल रिश्वत राशि लेकर मौके से फरार हो गया. पूछताछ में कानाराम ने रामाकिशन के लिए रुपए लेने की बात कबूल कर ली. एसीबी ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. फरार आरोपी की तलाश जारी है.
ये भी पढ़ें-: LDC परीक्षा में नकल कराने के मुख्यारोपी पदम सिंह सहित 3 टीचर सस्पेंड, केंद्र अधीक्षक पर फैसला बाकी