ACB Action: 40000 रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप हुआ वन विभाग का रेंजर, एसीबी की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप

ACB की टीम ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते जैसे ही पकड़ा, मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कार्रवाई के बाद ACB टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

ACB Action: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर क्षेत्र में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सोमवार (23 मार्च) को बड़ी कार्रवाई की है. यहां वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी अशोक सिंह को 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया. ACB की इस ट्रैप कार्रवाई के दौरान वन विभाग के कार्यालय में हड़कंप मच गया. जैसे ही टीम ने आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ा, मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कार्रवाई के बाद ACB टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है.

एनओसी जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत

ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी अधिकारी ने एक परिवादी से उसकी फर्म द्वारा कराए जा रहे कार्य के लिए एनओसी जारी करने के एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. परिवादी की फर्म वन विभाग की रेंज रायसिंहनगर के अंतर्गत आने वाली दो अलग-अलग माइनरों से पेड़ों के ठूंठ हटाने का कार्य कर रही थी. कार्य पूर्ण होने के बाद एनओसी जारी करना आवश्यक था, लेकिन अधिकारी ने इसके लिए अवैध रूप से पैसे की मांग की. इस पर परिवादी ने 18 मार्च को ACB चौकी श्रीगंगानगर में शिकायत दर्ज करवाई थी.

Advertisement

ब्लैकलिस्ट करने की धमकी देकर बनाया दबाव

ACB अधिकारी के अनुसार, आरोपी अशोक सिंह ने रिश्वत नहीं देने की स्थिति में फर्म को ब्लैकलिस्ट करने और दोनों कार्यों की NOC जारी नहीं करने की धमकी दी थी, जिससे परिवादी मानसिक रूप से परेशान हो गया. शिकायत के बाद ACB ने पहले मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया. फिलहाल ACB टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

यह भी पढ़ेंः ACB Action: SHO के बाद 12000 रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया ASI, उदयपुर के बाद भरतपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई