ACB Action: पटवारी ने ली 20000 की रिश्वत, कार में रखा ही था कि पहुंच गई एसीबी टीम

टोंक में एसीबी टीम के पास एक पटवारी के बारे में घूस मांगने की शिकायत आई थी जिसके बाद उसे ट्रैप करने के लिए जाल बिछाया गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
पटवारी भंवर सिंह ने कार में परिवादी से रिश्वत की रकम ली थी
NDTV

राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने टोंक में एक बड़ी कार्रवाई कर एक पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. एसीबी की टीम ने भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर तहसील के उंचा हल्का के पटवारी भंवर सिंह को ट्रैप किया. पटवारी ने रिश्वत की यह राशि कार की डैशबोर्ड में छिपा रखी थी. एसीबी ने आरोपी पटवारी को हिरासत में ले लिया है औऱ देवली पुलिस थाने पर लाकर आगे की कार्यवाही की जा रही है.

एसीबी के पास आई थी शिकायत

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में एक परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी. परिवादी ने शिकायत में बताया कि यह मामला उसके पिता की एक जमीन से जुड़ा है. इस जमीन के संबंध में न्यायालय के एक फैसले की पालना के लिए आरोपी से संपर्क किया गया था.

Advertisement

परिवादी ने कहा कि हल्का उंचा का पटवारी भंवर सिंह उसके पिता के पक्ष में जमीन की डिक्री करने की एवज में उसे परेशान कर रहा था. उसने उससे 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी. शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी टोंक ने जाल बिछाया. गत 25 जून को सत्यापन के दौरान आरोपी पटवारी ने रिश्वत राशि लेने की सहमति दी थी.

कार में पैसों के साथ किया गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोंक इकाई ने मंगलवार, 7 जुलाई को आरोपी को ट्रैप किया. एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के निर्देशन और एसीबी टोंक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा की निगरानी में कार्रवाई की गई. 

कार्रवाई के दौरान सीकर जिले के लोसल थाना क्षेत्र के ग्राम गुनाठू का आरोपी पटवारी भंवर सिंह ने परिवादी को बीच रास्ते अपनी कार में बैठाया. उसने रिश्वत ली और रकम को कार के डैशबॉक्स में रखवा दिया. तभी एसीबी की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच में राशि बरामद कर पटवारी को गिरफ्तार कर लिया. ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें-: दिहाड़ी मजदूर बन गया कंपनी का मालिक, और कर दिया 5 करोड़ 30 लाख का खेल