ACB Action: साल में दो बार रिश्वत की डिमांड, ₹10000 लेता रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ खाद्य सुरक्षा अधिकारी

एसीबी की उदयपुर शाखा के पास सलूंबर के एक दुकानदार ने शिकायत दी थी जिसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी को ट्रैप किया गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने अपने सरकारी वाहन में रिश्वत ली जिसके बाद एसीबी ने राशि की जांच की
NDTV

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी की उदयपुर इकाई ने एक खाद्य सुरक्षा अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी को एसीबी की टीम ने 10,000 रुपये की राशि लेते हुए ट्रैप किया. एसीबी के पास परिवादी ने शिकायत दी थी कि अधिकारी डरा-धमकाकर उससे साल में दो बार रिश्वत की मांग कर रहा था. इसके बाद एसीबी ने सत्यापन करवाने के बाद अधिकारी को जाल में फंसाने की योजना बनाई.

दुकानदार ने की शिकायत

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी कार्यालय उदयपुर के पास परिवादी की शिकायत आई थी. उसने बताया कि ग्राम डगार में उसकी किराने की पुश्तैनी दुकान है. साथ ही, सलूंबर में उसकी कोका-कोला कोल्ड ड्रिंक एजेंसी है. 

Advertisement

उसने आरोप लगाया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी निरीक्षण और सैंपल लेने के नाम पर उसके ऊपर अनावश्यक दबाव डाल रहा है. उसने कहा कि अधिकारी ने जुर्माना लगाने, प्रकरण दर्ज करने और जेल भिजवाने की धमकी देकर साल में दो बार 10,000-10,000 रुपये रिश्वत राशि देने की मांग की है.

एसीबी ने किया ट्रैप

एसीबी ने पहले शिकायत का सत्यापन किया जिसमें परिवादी से रिश्वत राशि की मांग किए जाने की पुष्टि हुई. यह पता चला कि आरोपी ने अपने सरकारी वाहन में परिवादी से डगार स्थित दुकान के 10,000 रुपये रिश्वत राशि लिए. साथ ही, बाद में गौण कृषि उपज मंडी, सलूंबर स्थित एजेंसी के लिए बाद में 10,000 रुपये प्राप्त करना तय किया.

इसके बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा की ट्रैप टीम द्वारा कार्रवाई की गई. आरोपी घनश्याम सिंह सोलंकी को उसके कार्यालय परिसर में परिवादी से 10,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया. इसके बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-: 3 सीट वाले ऑटो में 11 सवारी! 18 वाहनों के चालान कटे, 8 जब्त

Topics mentioned in this article