भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कोटपूतली में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना कोटपूतली में तैनात उप-निरीक्षक राजेन्द्र सिंह को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ परिवादी ने एसीबी चौकी अलवर प्रथम में शिकायत दी थी. शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया. मामला पुलिस थाना कोटपूतली में दर्ज मुकदमे से जुड़ा है.
5 हजार रुपये घूस मांगा था
एसीबी के अनुसार परिवादी ने बैंक के खिलाफ न्यायालय के माध्यम से पुलिस थाना कोटपूतली में मामला दर्ज करवाया था. इस की जांच उप-निरीक्षक राजेन्द्र सिंह कर रहे थे. परिवादी ने एसीबी को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मुकदमे में आगे की कार्रवाई करने की एवज में उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह ने उससे 5,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है.
35 सौ रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद एसीबी चौकी अलवर प्रथम ने 19 अगस्त को रिश्वत मांग की शिकायत का सत्यापन करवाया. सत्यापन के दौरान आरोपी ने 5,000 रुपये रिश्वत की मांग करना सामने आया. इसी दौरान आरोपी ने परिवादी से 1,500 रुपये रिश्वत राशि प्राप्त भी की. शेष 3,500 रुपये बाद में देना तय हुआ. रिश्वत मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई.
एसीबी टीम ने राशि बरामद कर ली
आज उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरवीजन में एसीबी चौकी अलवर प्रथम के प्रभारी शब्बीर खान, उप अधीक्षक पुलिस के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की. ट्रैप के दौरान उप निरीक्षक राजेन्द्र सिंह को परिवादी से 3,500 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया. एसीबी टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है.
आरोपी से पूछताछ कर रही एसीबी
एसीबी की कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ और अग्रिम कार्रवाई जारी है. एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि किसी सरकारी काम के लिए रिश्वत मांगे जाने पर एसीबी की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे शिकायत की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: जयपुर के कोचिंग सेंटरों को JDA कर रहा सील; मचा हड़कंप, 200 संस्थानों ने की हड़ताल