बारिश के बाद रणथंभौर के जंगलों से बाहर रोड पर आए मगरमच्छ, फैली दहशत

सवाई माधोपुर के कुछ गांवों में सड़क पर और इसके आस-पास मगरमच्छों को देखा गया जिसके बाद कुछ देर के लिए राहगीरों और वाहनों की आवाजाही थम गई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
नाले में बारिश के बाद उफनते पानी के साथ मगरमच्छ बहकर बाहर आ गए
NDTV

बारिश का मौसम अक्सर नई चुनौतियां लेकर आता है. कभी ज्यादा बारिश की वजह से जलभराव और बाढ़ की समस्या आती है तो कभी बारिश की वजह से कई दूसरी तरह की चुनौतियां भी प्रकट होने लगती हैं. ऐसी ही एक चुनौती इन दिनों सवाई माधोपुर जिले में दिखाई दे रही है. वहां रणथंभौर अभयारण्य के निकट सड़कों पर मगरमच्छ घूमते दिखाई देने लगे हैं. इसकी वजह से आस-पास के गांवों में लोगों में दहशत फैल गई है.

मंगलवार, 28 जुलाई को सवाई माधोपुर में मंगलवार तेज बारिश हुई जिसकी वजह से रणथंभौर के जंगलों में स्थित जलाशयों से कई मगरमच्छ बहकर जंगल से बाहर आ गए. ये मगरमच्छ रणथंभौर के जंगल से निकलने वाले झरेटी नाले के उफान के साथ बहकर आ गए. बीती रात शेरपुर गांव के नजदीक कुंडेरा-सवाई माधोपुर मार्ग स्थित झरेटी रपट पर पानी और सड़क पर करीब पांच मगरमच्छ राहगीरों को चलते नजर आए.

Advertisement

राहगीरों ने रास्ते पर देखे 5 मगरमच्छ

ये पांच मगरमच्छ राहगीरों को बारिश थमने के बाद झरेटी नाले में पानी का बहाव कम होने के बाद दिखाई दिए. रात को मुख्य मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को पांच में से चार मगरमच्छ झरेटी नाले की रपट पर रणथंभौर की तरफ से दूसरी ओर शेरपुर झरेटी की तरफ मुख्य सड़क की रपट के पानी मे चलते हुए दिखाई दिए. वहीं एक मगरमच्छ मुख्य सड़क पर चहलकदमी करता नजर आया. सड़क पर मगरमच्छों को देखकर कुछ देर के लिए राहगीरों और वाहनों की आवाजाही थम गई. 

शेरपुर के ग्रामीणों के मुताबिक रणथंभौर के जंगलों में हुई तेज बारिश के कारण रणथंभौर स्थित अटल सागर और मिश्रदर्रा व आड़ा बालाजी जलाशय से मगरमच्छ बहकर नाले में आ गए,जो रात को नाले का बहाव कम होने पर झरेटी रपट और मुख्य सड़क पर चलते दिखाई दिए. शेरपुर गांव के नजदीक झरेटी रपट एंव मुख्य सड़क पर मगरमच्छों की चहलकदमी को लेकर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है और वह वन अधिकारियों से जल्द ही मगरमच्छों को रेस्क्यू कर इलाके को सुरक्षित करने की उम्मीद कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें-: