राजस्थान का हिमांशु डेटिंग ऐप्स पर बना 'फर्जी दारोगा', AI तस्वीरों से देशभर की 20 महिलाओं को ठगा

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने उदयपुर के हिमांशु उर्फ ​​रॉकी पांचाल को गिरफ्तार कर लिया है. इस शख्स के खिलाफ मुंबई और अहमदाबाद में शिकायतें दर्ज हुई हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
आरोपी युवक ने कई शहरों में महिलाओं को निशाना बनाया. (प्रतीकात्मक तस्वीर)

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 27 साल के एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने डेटिंग और मैट्रिमोनियल साइट के जरिए कई महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया. आरोपी पर पैसे ऐंठने और शारीरिक शोषण का आरोप है. उसने महिलाओं को जाल में फंसाने के लिए खुद को गुजरात पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बताया. फर्जी पहचान को साबित करने के लिए एआई से बनी फोटो का भी इस्तेमाल किया. मुंबई, अहमदाबाद, उदयपुर से लेकर भोपाल तक उसने 20 युवतियों और महिलाओं को निशाना बनाया. उदयपुर (राजस्थान) के रहने वाले हिमांशु उर्फ ​​रॉकी पांचाल को गिरफ्तार कर लिया है. क्राइम ब्रांच ने बताया कि रॉकी अहमदाबाद के साबरमती इलाके में रह रहा था. उसके खिलाफ नवरंगपुरा और नरोडा पुलिस स्टेशनों में शिकायतें दर्ज हुई थीं. 

सोशल मीडिया पर पुलिस की वर्दी में अपलोड की तस्वीर 

उसने बेहद ही शातिर तरीके से हर बार नया बहाना बनाकर महिलाओं को फंसाया. वह खुद को क्राइम ब्रांच के साइबर सिक्योरिटी विभाग में तैनात सब-इंस्पेक्टर बताता था. पुलिस की वर्दी में फर्जी फोटो को सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स पर अपलोड किया. यही नहीं, उसने 'भारत सरकार' और 'क्राइम ब्रांच साइबर सिक्योरिटी' की पहचान वाले फर्जी आईडी भी बनाएं. उसने दुकानों से गुजरात पुलिस की वर्दी और उससे जुड़ी चीज़ें भी खरीदी थीं. ताकि महिलाओं को यकीन दिला सके कि वह एक सेवारत पुलिस अधिकारी है.

Advertisement

तलाशशुदा महिलाओं को भी बनाया निशाना

अधिकारियों ने बताया, पिछले लगभग छह महीनों में, उसने शादी का झूठा वादा करके, झूठे बहाने बनाकर महिलाओं को जाल में फंसाया. उसने 20 से ज़्यादा महिलाओं के साथ प्रेम संबंध बनाए. पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी युवतियों और तलाकशुदा महिलाओं को ठगी, शारीरिक शोषण और आर्थिक फ़ायदे के लिए निशाना बनाता था.

मुंबई के पुलिस स्टेशन में भी दर्ज है मामला

उसने मुंबई के विरार में रहने वाली एक महिला को भी निशाना बनाया था. इस मामले में साल 2025 में मुंबई के नाला सोपारा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी. उसके खिलाफ बलात्कार और धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया. हालांकि, गिरफ्तारी के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था. अहमदाबाद में छापेमारी और गिरफ्तारी के दौरान, एक मोबाइल फ़ोन, 40,000 रुपये नकद, पुलिस की वर्दी में फ़ोटो वाला फर्जी पहचान पत्र, लोगो, लाल पुलिस बेल्ट, बैज और अशोक चिह्न वाले स्टिकर जब्त किए गए. 

जमानत का खर्च भी महिला से लिया

जमानत मिलने के बाद भी आरोपी माना नहीं. उसने अहमदाबाद के न्यू वडाज की एक महिला से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया. उसने जमानत का 50 हजार रुपये खर्च भी महिला से लिया था. उस महिला से आर्थिक मदद भी मिली और वह उसके साथ मुंबई और गोवा घूमने भी गया.

करीब चार महीने पहले नरोडा में रहने वाली एक महिला से संपर्क किया. उससे एक सिम कार्ड लिया और शादी का वादा करके कथित तौर पर उसके बैंक खाते का इस्तेमाल किया. उसने अलग-अलग बहाने बनाकर उस महिला से करीब 1.8 लाख रुपये ठग लिए. इस घटना के संबंध में नरोडा पुलिस स्टेशन में एक शिकायत दर्ज की गई है.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रॉन्ग साइड दौड़ रही स्लीपर बस पलटी, 40 श्रद्धालु घायल; 6 की हालत गंभीर