अजमेर के पुष्कर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. गणेश मंदिर के पास कार सवार बदमाशों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से मारपीट की और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए. हमलावरों ने मारपीट के दौरान कार में तोड़फोड़ भी की. आरोप है कि घटना के बाद पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई. पीड़ित की शिकायत पर पुष्कर थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बात सामने आई है कि जो व्यक्ति पैसे लेने आया था, उसी का एक साथी जो नोट गिन रहा था. वारदात के बाद कथित तौर पर बदमाशों के साथ फरार हो गया. पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है. घटना स्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है.
स्कॉर्पियो और बोलेरो कैंपर में आए थे बदमाश
घटना 31 जनवरी की बताई जा रही है, जबकि पीड़ित पक्ष ने देर रात पुष्कर थाने में मामला दर्ज कराया. सीओ रामचन्द्र चौधरी ने बताया, "पीड़ित ब्यावर निवासी कार्तिक जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका कर्मचारी करीब 7 लाख 80 हजार रुपए लेकर मेहताब को देने गया था. मेहताब के साथ एक अन्य शख्स भी मौजूद था, जो पैसे गिन रहा था. तभी स्कॉर्पियो और बोलेरो कैंपर में सवार 4 से 5 लोग मौके पर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया."
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने मारपीट करते हुए कार में तोड़फोड़ की और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए. उन बदमाशों के साथ मेहताब का साथी भी भाग निकला. इसी के चलते मेहताब के साथी की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ेंः बेटियों ने पिता की अर्थी को दिया कंधा, चिता को दी मुखाग्नि