अलवर में गाय के अवशेष मिलने से बवाल, देर रात सड़क पर उतर गए हिंदू संगठन, 4 घंटे तक चला हाई-वॉल्टेज ड्रामा

अलवर के अग्रसेन चौराहे पर गाय के अवशेष मिलने से बवाल मच गया. हिंदू संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
प्रदर्शनकारियों से पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक समझाइश की.

अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन चौराहे के पास गाय के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई. देर रात माहौल तनावपूर्ण हो गया. घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर करीब 4 घंटे तक धरना दिया. प्रदर्शनकारियों ने अग्रसेन सर्कल पर ही बैठकर नारेबाजी की, जिससे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार (9 अप्रैल) रात करीब 9 बजे सबसे पहले कुछ लोगों ने संदिग्ध हालत में गाय के अवशेष देखे. सूचना तेजी से फैली और विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर एकत्रित हो गए.

लोगों में फूटा गुस्सा

गाय के अवशेष देखकर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. उन्होंने तुरंत विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी तुरंत सक्रिय हुआ. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे.

Advertisement

करीब चार घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई. एसडीएम माधव भारद्वाज ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

आसपास के इलाके में पुलिस की टीम सक्रिय

एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में टीमों को सक्रिय कर दिया गया है. आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें. साथ ही क्षेत्र में संचालित मीट की दुकानों की भी जांच की जाएगी.

हिंदू संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

हिंदू संगठनों ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे शहर के होप सर्किल पर बड़ा आंदोलन करेंगे. इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और माहौल पर सख्त नजर रखी जा रही है.

यह भी पढ़ेंः मुकेश भाकर और मनीष यादव को मिली बड़ी राहत, कांग्रेस के 2 विधायकों समेत 9 लोगों को जयपुर कोर्ट ने किया बरी

Advertisement