Rajasthan: महिला टीचर के थप्पड़ से फटा स्टूडेंट के कान का पर्दा, दो दिन तक पेरेंट्स से छिपाई बात

Child Beaten at School: परिजनों ने जब इस बारे ने स्कूल प्रशासन को शिकायत की तो स्कूल प्रबंधन ने कोई बात नहीं की. इसके बाद थाने में मामला दर्ज करवाया गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पीड़ित छात्र का दो दिन बाद हुआ ऑपरेशन.
NDTV Reporter

Rajasthan News: अलवर शहर के एक नामी स्कूल से महिला टीचर द्वारा कक्षा 8 के छात्रों की पिटाई का मामला सामने आया है. आरोप है अध्यापिका ने एक स्टूडेंट को इतनी जोर से थप्पड़ मारा कि उसके कान का पर्दा तक फट गया. दो दिन बाद बच्चे का ऑपरेशन कराया गया है. इस वक्त भी बच्चा अस्पताल में भर्ती है. वहीं बच्चे के माता-पिता ने अरावली विहार थाने में जाकर मामला दर्ज कराया है.

बच्चे की मां ने दर्ज कराई एफआईआर

अलवर शहर के काला कुआं क्षेत्र में रहने वाले 8वीं के छात्र उदित ने अपने स्कूल की महिला टीचर अर्शदीप पर मारपीट का आरोप लगाया है. बच्चे की मां ने इस पर एफआईआर दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया, 'मेरा बेटा उदित डबास अलवर शहर के सिल्वर ऑक स्कूल में पढ़ता है. 01 मार्च 2025 को स्कूल की महिला टीचर अर्शदीप ने मेरे बेटे की पिटाई की, जिसके कारण उसके कान पर गहरी चोट आई है. पिटाई के बाद बेटा डर गया था और इसीलिए उसने दो दिन तक घर में किसी को कुछ नहीं बताया. दो दिन बाद उसके कान में तेज दर्द होने और उसे कान से कुछ सुनाई न देने पर मामले का खुलासा हुआ.'

Advertisement

स्कूल प्रशासन ने नहीं सुनी पेरेंट्स की बात

जब बच्चे से कान में कोई चोट लगने के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि स्कूल की मैडम ने उसकी पिटाई की थी, उसके बाद से ही उसके कान में दर्द है. जब कान का दर्द नहीं रुका तो उदित को ई.एन.टी हॉस्पिटल में डॉक्टर को दिखाया गया. जांच में पता लगा कि उसके कान का पर्दा फट गया है. इसके बाद डॉक्टर्स ने तुरंत उसके कान के पर्दे का ऑपरेशन किया. परिजनों ने जब इस बारे ने स्कूल प्रशासन को शिकायत की तो स्कूल प्रबंधन ने कोई बात नहीं की. इसके बाद थाने में मामला दर्ज करवाया गया.

स्कूल में पूछताछ के बाद एक्शन लेगी पुलिस

इस मामले में जब अरावली विहार थानाधिकारी रामेश्वर दयाल से बात की गई तो उन्होंने NDTV राजस्थान को बताया, 'बच्चे से स्कूल में मारपीट का मामला आया था, जिसे दर्ज कर लिया गया है. बच्चे का मेडिकल करने के बाद स्कूल में भी पूछताछ की जाएगी और जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

प्रिंसिपल का दावा- फुटबॉल खेलते समय लगी चोट

वहीं इस घटना पर सिल्वर ऑक स्कूल के प्रिंसिपल सुरेंद्र कुमार का कहना है कि बच्चे के खेलते समय फुटबॉल लगने से चोट आई है. बच्चे के परिजन वाइस प्रिंसिपल से मिले थे. उस समय भी उन्हें इस घटना से अवगत कराया गया था. तब वह संतुष्ट थे. लेकिन बाद में किन्हीं कारणों के चलते उन्होंने एफआईआर दर्ज करवा दी.

ये भी पढ़ें:- गाय का कटा सिर मिलने के बाद टोंक में तनाव, बाजार बंद कराने की कोशिश, भारी पुलिस बल की तैनाती

Advertisement


Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.