Rajasthan: चोरी का आरोप लगा तो महिला ने पी लिया तेजाब, मकान मालिक पर लगाया छेड़छाड़ का इल्जाम

Woman Drinks Acid in Alwar: राजस्थान के अलवर में एक महिला ने तेजाब पीकर जान देने की कोशिश की है. चोरी के शक में पुलिस पूछताछ के बीच महिला ने मकान मालिक पर बदतमीजी और पुलिस पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं. उसकी हालत नाजुक है, जिसके चलते डॉक्टर उसे जयपुर रेफर करने की तैयारी कर रहे हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
चोरी का शक, छेड़छाड़ का आरोप और तेजाब का घूंट; अलवर में महिला ने उठाया खौफनाक कदम
NDTV Reporter

Alwar News: राजस्थान के अलवर जिले के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र से बुधवार को एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया. यहां चोरी के आरोपों के भंवर में फंसी एक महिला ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने के लिए तेजाब पी लिया. महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे जिला अस्पताल से जयपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है.

चोरी की रिपोर्ट के बाद शुरू हुआ विवाद

पूरे मामले की शुरुआत दो दिन पहले हुई जब महेंद्र जैन नामक व्यक्ति के घर में चोरी की वारदात हुई. शक की सुई घर में काम करने वाली महिला पर घूमी, जिसके बाद शिवाजी पार्क थाने में उसके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सबको चौंका दिया.

Advertisement

'मकान मालिक करता था छेड़छाड़'

अस्पताल के बेड पर जिंदगी और मौत के बीच झूल रही महिला ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. महिला का आरोप है कि मकान मालिक महेंद्र जैन उसके साथ छेड़छाड़ और बदतमीजी करता था, जिससे परेशान होकर उसने वहां काम करना छोड़ दिया था. महिला ने यह भी दावा किया कि पुलिस हिरासत के दौरान उसके साथ अमानवीय व्यवहार और मारपीट की गई, जिससे आहत होकर उसने तेजाब पी लिया.

पुलिस ने आरोपों को नकारा, जांच तेज

महिला के परिजनों ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं. हालांकि, शिवाजी पार्क थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. पुलिस का कहना है कि महिला के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं हुआ है. फिलहाल पुलिस इस उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह मामला वाकई चोरी का है या इसके पीछे छेड़छाड़ और प्रताड़ना की कोई गहरी साजिश है.

ये भी पढ़ें:- बधाई, मिठाई और फिर विदाई! बानसूर में 'फर्जी IAS' का खेल खत्म, ऐसे बेनकाब हुआ निशांत