राजस्थान में जैसलमेर जिले की धर्मस्थली रामदेवरा धाम में इन दिनों भादवा मेले की तैयारी चल रही है. इस मेले में लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन करने के लिए देश और दुनियाभर से श्रद्धालु आते हैं. भादवा मेला समय से पहले ही पूरे परवान पर चल रहा है. लाखों की संख्या में लोग बाबा की समाधि के दर्शन करने के लिए रामदेवरा पहुंचे हुए हैं. बाबा रामदेवजी के मेले का आगाज 13 सितंबर को होनेवाला है, लेकिन, उससे पहले 10 दिन में आग लगने की एक और घटना सामने आई है.
अधिकारियों के अनुसार रामदेवरा धाम में एक दुकान में एक गैस सिलेंडर एक फटने से आग लग गई. आग लगने और धमाके की आवाज के बाद श्रद्धालुओं में अफरा तफरी मच गई. आसपास मौजूदा लोगों ने आग को बुझाने के लिए भरसक प्रयास किया. सूचना के बाद पोकरण दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कार्मिक सुरेश कुमार ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई. आग लगते ही दुकान में मौजूद कर्मचारी जान बचाकर सुरक्षित बाहर भाग आए. रामदेवरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मौके पर पहुंची दमकलों से आग पर काबू पाया गया
Photo Credit: NDTV
10 दिन पहले भी लगी थी आग
इससे पहले 29 अगस्त को भी रामदेवरा में आग लगने की एक घटना हुई थी. पोकरण के रामदेवरा रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास स्थित अन्नपूर्णा भोजनालय में खाना बनाते समय सिलेंडर के वॉल्व से गैस लीकेज के कारण आग लग गई. आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई. फायर ब्रिगेड के करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई. ऐसे में ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सिलेंडर बाहर निकाला और आग पर काबू पाया. समय रहते आग नहीं बुझती तो बड़ा हादसा हो सकता था.
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में फायर ब्रिगेड की देरी को लेकर रोष व्यक्त किया था. खास बात यह है कि भादवा मेले को लेकर प्रशासन ने व्यापारियों, होटल व रेस्टोरेंट संचालकों की बैठक लेकर सभी दुकानों में अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे. लेकिन आरोप लगा कि न तो दुकानदारों ने इन निर्देशों का पालन किया और न ही प्रशासन ने इनकी पालना सुनिश्चित करवाई.
ये भी पढ़ें-: 55 लोगों के संयुक्त परिवार के 15 बच्चे जयपुर में एक साथ करते हैं पढ़ाई, सरकारी क्वार्टर में एक छत के नीचे रहते हैं सभी