अशोक गहलोत ने मध्य प्रदेश की ताजा सियासी हलचल को लेकर सरकार और व्यवस्था पर बड़ा हमला बोला है. मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा खेल होने का दावा किया जा रहा है. मध्य प्रदेश में तीन सीटों पर राज्यसभा चुनाव होना है, जिसमें संख्या गणित के हिसाब से बीजेपी की दो सीट और कांग्रेस को एक सीट मिलनी तय थी. लेकिन कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन अंतिम दौर में रद्द कर दिया गया. बताया जा रहा है उनके आवेदन में त्रुटि थी जिसके बाद नामांकन को रद्द कर दिया गया है.
बीजेपी ने उतारा तीसरा उम्मीदवार
वहीं बीजेपी ने मध्य प्रदेश में दो सीटों की जगह पहले ही तीन सीट पर उम्मीदवार खड़े किये थे. इसके बाद से ही कांग्रेस में हलचल मच गई थी. जिसके बाद कांग्रेस ने अपने सभी विधायक को मंगलवार को दूसरे राज्य में रिजॉर्ट में शिफ्ट करने की कवायद शुरू कर दी थी. हालांकि इस बीच खूब हंगामा हुआ. लेकिन बाद में पता चला कि मीनाक्षी नटराजन का नॉमिनेशन ही रद्द कर दिया गया है. अब इस मामले में कांग्रेस बीजेपी सरकार पर आरोप लगा रही है.
अब इस मामले में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने इस हंगामे को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है और कहा है कि इसमें पूरी तरह से लोकतंत्र का गला घोटा गया है.
नहीं पता कि अगला निशाना कौन होगा
अशोक गहलोत ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की कैंडिडेट मीनाक्षी नटराजन जी का नॉमिनेशन रद्द करवाना भाजपा की लोकतंत्र का गला घोटने वाली बात है. ये चुनावों को फ्री एंड फेयर तरीके से लड़ ही नहीं सकते। जो नॉमिनेशन फॉर्म को कैंसिल करने के लिए तर्क दिए जा रहे हैं वो वैलिड नहीं हैं और एक प्रकार से कांग्रेस से सीट छीनने की साजिश है और यही तो वो वोट चोरी है जिसकी बात श्री राहुल गांधी बार बार करते हैं. सभी दलों को भाजपा के इस षडयंत्र के खिलाफ बोलना चाहिए, जिस तरह से ये चाहे लोकसभा हो या राज्यसभा, अपनी संख्याबल बढ़ाने के लिए पैंतरेबाजी कर रही है किसी को नहीं पता कि अगला निशाना कौन होगा.
बता दें, मध्य प्रदेस कांग्रेस के प्रभार राजस्थान के नेता हरीश चौधरी है. वह लगातार नेताओं के संपर्क में है. इस मामले में अब चुनाव आयोग का रूख किया जा रहा है. सचिन पायलट, भूपेश बघेल, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश चुनाव आयोग में शिकायत करने वाले हैं.
बता दें स्क्रुटनी में नामांकन में गलती पाए जाने का मामला झारखंड से भी आया है. जहां तीन सीट पर JMM और कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे हैं. लेकिन यहां से उद्योगपति परिमल नाथवानी ने निर्दलीय नामांकन दर्ज किया है. जिन्हें बीजेपी का समर्थन प्राप्त है. लेकिन नाथवानी के आवेदन में भी त्रुटि पाई गई है. लेकिन उन्हें जवाब देने और त्रुटि ठीक करने की मौहलत दी गई है.