'पुत्र मोह' वाली नसीहत पर बीजेपी ने गहलोत को चौतरफा घेरा, राजेंद्र राठौड़ और प्रदेश अध्यक्ष ने कसा तंज

अशोक गहलोत की ‘नेता पुत्रों को सरकार से दूर रखो’ वाली नसीहत पर BJP ने पलटवार किया. राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि खुद वैभव गहलोत को दो लोकसभा चुनाव लड़वाया और RCA में ताजपोशी कराई, अब दूसरों को उपदेश दे रहे हैं?

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
गहलोत के बयान पर राजेंद्र राठौड़ और मदन राठौड़ ने पलटवार किया.

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नेता पुत्रों को सरकार से दूर रखने की नसीहत का बयान दिया तो अब बीजेपी ने पलटवार किया है. पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि क्या अशोक गहलोत ने यह नसीहत खुद अपने कार्यकाल में भी अपनाई थी? दरअसल, भीम से विधायक हरिसिंह रावत के पुत्र पर एक व्यक्ति का मकान तुड़वाने के आरोप लगे. उसके बाद गहलोत ने कहा कि कई बार बेटे सरकार की बदनामी करा देते हैं. पूर्व सीएम ने सरकार के मंत्रियों, डिप्टी सीएम और मुख्यमंत्री को नेता पुत्रों को सरकार से दूर रखने की नसीहत भी दी थी. अब इस मामले में राजेंद्र राठौड़ ने गहलोत पर सवाल उठाए हैं.

राठौड़ ने शायरी के जरिए कसा तंज 

राठौड़ ने शायरी के जरिए तंज कसते हुए कहा, "उम्र सारी तो कटी इश्क़-ए-बुताँ में 'मोमिन', आख़िरी वक़्त में क्या ख़ाक मुसलमां होंगे." उन्होंने कहा कि जो नसीहत अशोक गहलोत अब दे रहे हैं, क्या अपनी सरकार रहते उन्होंने अपने बेटे को दूर रखकर खुद पर लागू की? पूर्व मुख्यमंत्री ने पुत्र मोह में अपने बेटे वैभव गहलोत को जोधपुर और जालौर से दो बार लोकसभा चुनाव में उतारा, लेकिन जनता ने नकार दिया.

Advertisement

बीजेपी नेता यहीं नहीं रुके, उन्होंने राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव का जिक्र भी किया. राठौड़ ने कहा कि जब गहलोत ने अपने पुत्र वैभव की RCA में ताजपोशी कराई, तो किस कदर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामेश्वर डूडी को अपमानित किया गया? आज जो नसीहत दे रहे हैं, वह तब चुप क्यों थे? 

क्रिकेट स्टेडियम के टेंडर पर दिया जवाब

बीजेपी नेता ने चौंप में RCA स्टेडियम के टेंडर में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का भी जिक्र किया. साथ ही दिल्ली रोड स्थित फेयरमोंट होटल में वैभव गहलोत के 100 करोड़ रुपए के निवेश और ईडी में डॉ. किरोडी लाल मीणा की तरफ से इस मामले को लेकर हुई शिकायत का भी जिक्र किया. 

2 बार वैभव को चुनाव लड़वाने पर सवाल

वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी अशोक गहलोत पर पुत्र मोह का आरोप लगाया. मदन राठौड़ ने कहा कि वैभव गहलोत को RCA अध्यक्ष बनवाना और उन्हें दो लोकसभा चुनाव लड़वाना क्या पुत्र मोह नहीं था?

यह भी पढ़ेंः राजस्थान अलर्ट मोड पर, मुख्य सचिव बोले- एलपीजी-पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक, फेक न्यूज पर लगाम लगाने के निर्देश

Advertisement