जयपुर के एक स्कूल में पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आशुतोष रांका पर शुक्रवार को हमला हो गया है. सीजेपी के नेताओं का आरोप है कि CJP के सदस्यों के साथ मारपीट की गई औऱ उनके वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया. घटना के बाद आशुतोष रांका ने दावा किया कि भाजपा के गुंडे आशुतोष रांका और CJP से जुड़े अन्य लोगों के पीछे पड़े हुए हैं. उन्होंने सवाल किया कि राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले की अनुमति कैसे दे सकती है. वहीं, राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अपने बच्चों की शिक्षा में व्यवधान कोई भी अभिभावक बर्दाश्त नहीं करेगा.
'शिक्षा में व्यवधान बर्दाश्त नहीं करेगा'
जयपुर के रामपुर कंवरपुरा स्कूल में हुई घटना को लेकर मदन दिलावर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार हमेशा बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना चाहती है. सरकार अच्छा काम कर रही है. लेकिन कांग्रेस और कॉकरोच पार्टी को यह रास नहीं आ रहा. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग इतना प्रगति क्यों कर रहा है? यह कांग्रेस को रास नहीं आ रहा. दिलावर ने कहा कि राजस्थान में सबसे ज्यादा नंबर लाने वाले विद्यार्थी सरकारी स्कूलों के हैं और यह पीड़ा कांग्रेस और दूसरी पार्टियों को हो रही है. इसलिए व्यवधान पैदा करने के लिए स्कूलों में बगरू जैसी घटना पैदा करना चाहते हैं, लेकिन राजस्थान की जनता सतर्क है.
'मुंह छिपा कर भागे कॉकरोच'
शिक्षा मंत्री ने आगे कहा कि जंतर मंतर में इन लोगों ने जैसी गड़बड़ पैदा की, जैसा अश्लील वातावरण बनाया, वह वीडियो और बातें सबने देखी. दिलावर ने कहा कि अगर ऐसा वातावरण यह लोग राजस्थान में पैदा करना चाहते हैं तो यहां की जनता जागरुक हो गई है. दिलावर ने कहा कि अपने बच्चों की शिक्षा में व्यवधान कोई भी अभिभावक बर्दाश्त नहीं करेगा. मदन दिलावर ने कहा कि बगरू में जिस स्कूल में यह लोग गए थे. वहां ग्रामीणों ने उनको घुसने नहीं दिया. कांग्रेसी मुंह छिपा छिपा कर भागे और कॉकरोच भी मुंह छिपा कर भागे.
विद्यालयों को राजनीति का अखाड़ा न बनाएं!
— Madan Dilawar (@madandilawar) August 21, 2026
जानकारी में आया है कि कुछ कथित राजनीतिक दलों से जुड़े लोग विद्यालयों में जाकर अनावश्यक रूप से माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का पवित्र परिसर है। यहाँ राजनीति नहीं,…
'भैंस के तबेले में चल रहा स्कूल'
वहीं, NDTV से बातचीत में CJP के आशतोष रांका ने कहा कि मैं पिछले साल भी वहां गया था. वहां गांव के कुछ लोगों ने ही हमें बुलाया था. उसके वीडियो हमारे इंस्टाग्राम पर मौजूद है. हमें अभी भी उन्हीं गांव वालो ने बुलाया था कि आप आइए देखिए, स्कूल में अब भी किस तरह के हालात है. स्कूल भैंस के तबेले में चल रहा है. आशुतोष ने पुलिस पर भी आरोप लगाए कि वहां के स्थानीय थाना पुलिस ने हमें यह कह दिया कि यह हमारा मामला नहीं है. जबकि यह बात पता थी कि ऐसा हो सकता है.
इसके बाद भी वहां पर पुलिस ने कोई व्यवस्था नहीं की. लॉ एंड ऑर्डर की सिचुएशन बिगड़ने दी. जब आशुतोष से पूछा गया कि गांव वाले मना कर रहे थे तो आप वहां क्यों गए तो उन्होंने कहा कि गांव वालों ने तो हमें वहां पर बुलाया. यह बाहरी लोग थे जो कि नहीं चाहते वहां पर स्कूल अच्छा हो. उन्होंने यह भी कहा कि आज पूरे देश ने देखा, बल्कि दुनिया ने देखा कि किस तरीके से यह लोग नहीं चाहते कि स्कूल अच्छे बने. हम वहां वोट मांगने नहीं गए थे. ये चाहते हैं कि भैंस के तबेले में बच्चे पढ़ते रहे. हमारे बच्चे अच्छे ना पढ़े लिखे. हमारे बच्चे पंचर लगाए, ईंट के भट्टों ने काम करें, मजदूर बने, पढ़ लिख ना लें.
भाई उन्होंने कहा कि आज सब ने देखा कि कौन देश विरोधी है. सबसे बड़ा राष्ट्रवाद तो यही होगा ना कि बच्चे भैंस के तबेले में पढ़ते रहें. जो इसके खिलाफ आवाज उठाने जाए उन्हें भगाया जाए. पर कमल प्रधान और शंकर बागड़ा दो भाजपा के गुंडों ने हमारे लोगों को डरा धमका कर वहां से भगा दिया. इसके बाद बाहर से लोग आए उन्होंने वहां पर मारपीट की. पत्थरबाजी की. ये लोग बाहर से लोग लेकर आए. उन्होंने वहां माहौल बिगाड़ा.
यह भी पढे़ं- जयपुर में ग्रामीणों ने CJP टीम को खदेड़ा, आशुतोष रांका के साथ धक्का-मुक्की