जनसुनवाई के दौरान सहायक अभियंता पर बीजेपी विधायक से मारपीट आरोप, पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार

जयदीप बिहाणी पर जन सुनवाई के दौरान उसपर तीन लोगों ने हमला कर दिया था. वहीं, इस घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस पर कटाक्ष किया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
BJP MLA Jaideep Bihani

Rajasthan News: राजस्थान पुलिस ने गंगानगर से बीजेपी के विधायक जयदीप बिहाणी से कथित तौर पर मारपीट करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. बताया जा रहा है कि बिहाणी पर जन सुनवाई के दौरान उसपर तीन लोगों ने हमला कर दिया था. वहीं, इस घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस पर कटाक्ष करते हुए इसे राज्य में बढ़ती जा रही अराजकता का प्रतीक बताया है.

बीजेपी विधायक बिहाणी ने आरोप लगाया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे जवाहर नगर इलाके में एसडी बिहाणी कॉलेज में जन सुनवाई के दौरान तीन लोगों ने उन पर हमला किया था.

Advertisement

सहायक अभियंता ने किया हमला

बिहाणी ने कहा कि सुनवाई के दौरान राजस्थान शहरी बुनियादी ढांचा विकास परियोजना (RUIDP) के एक सहायक अभियंता ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर उन पर हमला किया, जिससे उनकी आंख व चेहरे पर चोटें आईं तथा उनका चश्मा भी टूट गया. विधायक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सहायक अभियंता जगनलाल बैरवा, परियोजना प्रबंधक शाहनवाज और सोहेल परमार को गिरफ्तार किया.

परमार निजी कंपनी ‘लार्सन एंड टुब्रो' से जुड़ा योजना प्रबंधक है. थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. उन्होंने बताया कि यह जांच का विषय है कि क्या विधायक द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौच किए जाने के बाद यह घटना हुई और क्या घटना के दौरान अधिकारियों पर भी हमला किया गया था.

यह जनसुनवाई पुरानी आबादी और करणपुर रोड सहित शहर के अनेक इलाकों में पेयजल आपूर्ति में दिक्कतों पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी. इन इलाकों में निवासियों को कथित तौर पर पिछले कई दिनों से पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है.

विपक्ष ने सरकार को घेरा

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधायक से मारपीट की इस घटना को राज्य में बढ़ती जा रही अराजकता का प्रतीक करार दिया है.

Advertisement

गहलोत ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ''श्रीगंगानगर से भाजपा विधायक जयदीप बिहाणी के साथ आरयूआईडीपी के अधिकारियों द्वारा मारपीट प्रदेश में बढ़ती जा रही अराजकता का प्रतीक है. एक सत्ताधारी विधायक के साथ ही यदि ऐसी मारपीट होगी तो आम जनता की क्या स्थिति होगी?'

कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार ऐसी घटनाओं को गंभीरता से ले.

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी इस घटना को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा.

जूली ने कहा, ''राजस्थान में बढ़ते जंगलराज और अराजकता का आलम यह है कि सत्तारूढ़ भाजपा विधायक भी सुरक्षित नहीं है.''

Advertisement

नेता प्रतिपक्ष ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा,''...बिहाणी सत्ताधारी पार्टी के विधायक हैं, उनकी पिटाई दिनदहाड़े हो गई तो आम आदमी की तो बिसात क्या है? उसका तो सिर्फ ईश्वर ही सहारा है.'

जूली ने कटाक्ष करते हुए कहा, ''मुख्यमंत्री जी कब तक हवा में रहते हुए केवल दौरे करेंगे, सिर्फ ढाई साल बचे हैं, आम जन की नहीं तो कम से कम अपने विधायक की सुरक्षा तो कर लें.'

यह भी पढ़ेंः अशोक गहलोत ने सीएम भजनलाल को लिखी चिट्ठी, राजस्थान में न्यूनतम मजदूरी पर दिए 5 सुझाव