राजस्थान में सीकर जिले के विश्व विख्यात खाटूश्यामजी मंदिर में एक बार फिर आतंकवादी निरोधी दस्ते (Anti Terrorist Squad) ने मॉकड्रिल अभ्यास किया है. खाटूश्यामजी मंदिर में देश-दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगता है. ऐसे में यह मंदिर सुरक्षा की दृष्टि से काफी संवेदनशील माना जाता है. यहां समय-समय पर आतंकवादी हमलों का सामना करने की तैयारी के लिए मॉकड्रिल अभ्यास किए जाते हैं. आज, शुक्रवार को फिर एक बार खाटूश्यामजी में ऐसा एक मॉकड्रिल अभ्यास किया गया.
मंदिर परिसर में आतंकवादियों के छिपे होने की काल्पनिक सूचना के आधार पर एटीएस की टीम ने मौके पर पहुंचकर 2 आतंकवादियों को ढेर कर गहन तलाशी अभियान चलाया. टीम ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की.
नकली आतंकवादियों को ढेर करने का अभ्यास किया गया
Photo Credit: NDTV
मंदिर परिसर में ATS ने बोला धावा
आज सुबह खाटूश्यामजी मंदिर में आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली. इसके बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया. इसकी सूचना एटीएस को दी गई जिसके बाद उनकी टीम तुरंत मंदिर पहुंच गई. एटीएस की टीम ने मंदिर परिसर पर धावा बोला और कुछ ही देर में दोनों आतंकवादियों को निष्क्रिय कर दिया जो आतंकवादी होने की एक्टिंग कर रहे थे.
मंदिर के कर्मचारी और दर्शनार्थी हैरान रह गए थे
Photo Credit: NDTV
दर्शनार्थियों में मची अफरातफरी
मॉक ड्रिल के दौरान अचानक हुई गतिविधियों को देखकर एक समय के लिए श्याम भक्तों में अफरातफरी का माहौल बन गया. आम दर्शनार्थी और मंदिर प्रशासन यह सारी कार्रवाई देखकर सकते में आ गए थे. लेकिन, बाद में उन्हें पता चला कि यह एटीएस की ओर से की गई मॉकड्रिल थी. यह जानकारी मिलने पर श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन ने राहत की सांस ली.
प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना होता है ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार की कमी न रहे.
खाटूश्यामजी में इससे पहले भी कई बार मॉकड्रिल हो चुकी है
Photo Credit: NDTV
खाटूश्यामजी में इससे पहले भी हुई है मॉक ड्रिल
खाटूश्यामजी मंदिर में सुरक्षा एजेंसियां समय-समय पर, आमतौर पर बड़े आयोजनों या भीड़भाड़ वाले समय से पहले मॉक ड्रिल (सुरक्षा अभ्यास) करती हैं. हाल ही में, 22 अगस्त 2025 और 3 सितंबर 2024 को एटीएस (ATS) और ERT कमांडो ने आतंकी खतरे से निपटने के लिए उच्च स्तरीय मॉक ड्रिल की थी.