Salman Khan: बॉलीवुड स्टार सलमान खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहे है. अब सलमान खान के खिलाफ राजस्थान में दोबारा जमानती वारंट जारी की गई है. पान मसाला केस में सलमान खान के खिलाफ जयपुर उपभोक्ता अदालत में सुनवाई जारी है. वहीं पान मसाला के विज्ञापन मामले में सलमान खान की मुसीबत बढ़ती जा रही है. कोर्ट की रोक के बावजूद भ्रामक विज्ञापन जारी रखने पर कोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए 23 फरवरी को पेश होने के आदेश दिए हैं. सोमवार (9 फरवरी) को सुनवाई करते हुए उपभोक्ता अदालत ने सलमान खान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए उनके विरुद्ध फिर से जमानती वारंट जारी किया है.
यह आदेश 'राजश्री पान मसाला' (केसर युक्त इलायची) के भ्रामक विज्ञापन पर लगी अदालती रोक की अवहेलना करने के मामले में दिया गया है.
अवमानना का मामला
परिवादी योगेंद्र सिंह बडियाल के अधिवक्ता इंद्र मोहन सिंह हनी ने बताया कि 6 जनवरी को न्यायालय ने सलमान खान और राजश्री पान मसाला को भ्रामक विज्ञापन करने से अस्थाई रोक दी थी . इसके बावजूद 9 जनवरी को जयपुर, कोटा और अन्य शहरों में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाकर विज्ञापन जारी रखे गए. न्यायालय ने इसे गंभीरता से लेते हुए 15 जनवरी को सलमान खान को जमानती वारंट से तलब किया था, लेकिन इसके बाद भी 18 तारीख को पुनः अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित कर न्यायालय के आदेशों की अवहेलना की गई.
राज्य आयोग का निर्देश
6 फरवरी को इस मामले में जयपुर कंज्यूमर कोर्ट द्वितीय में सघन बहस हुई. परिवादी की ओर से एडवोकेट इंद्र मोहन सिंह हनी ने पक्ष रखा, जबकि सलमान खान की ओर से दिल्ली से आए अधिवक्ता वरुण विकास ने दलीलें दीं. इस बीच, राज्य उपभोक्ता आयोग (State Commission) ने जिला आयोग को निर्देश दिए कि प्राकृतिक न्याय के तहत सलमान खान को एक और अवसर देते हुए पुनः जमानती वारंट जारी किया जाए और फिलहाल गिरफ्तारी वारंट जारी न किया जाए.
न्यायालय का आदेश
सोमवार 9 फरवरी को आयोग के अध्यक्ष ग्यारसी लाल मीणा, सदस्य अजय कुमार और सदस्य सुप्रिया अग्रवाल की पीठ ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सलमान खान के विरुद्ध पुनः जमानती वारंट जारी कर दिया है और जयपुर पुलिस कमिशनर को भेज दिया है तथा साथ न्यायालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सलमान खान को 23 फरवरी 2026 को हर हाल में न्यायालय के समक्ष पेश होना होगा.
अधिवक्ता का ने क्या कहा
परिवादी के वकील इंद्र मोहन सिंह हनी ने कहा, "सलमान खान बार-बार न्यायालय के आदेशों की अवमानना कर रहे हैं, जो उनके अहंकार और सेलिब्रिटी स्टेटस के दुरुपयोग को दर्शाता है. यदि अगली तारीख पर भी वे उपस्थित नहीं होते हैं, तो हम उनके विरुद्ध सीधे गिरफ्तारी वारंट जारी करने की पुरजोर मांग करेंगे.
यह भी पढ़ेंः EMI पर खरीदी महिंद्रा टैक्सी, बार-बार खराबी से परेशान युवक ने खुद को लगाई आग, गंभीर झुलसा