बारां की बेटी ॠषिना भारतीय वायु सेवा की बनी फ्लाइंग ऑफिसर, बोलीं- बचपन का सपना पूरा हो गया 

ऋष‍िना का कहना है क‍ि देश सेवा करना उनका बचपन का सपना था. उन्होंने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बारां की ऋष‍िना शर्मा एयर फोर्स में फ्लाइंग ऑफिसर बनीं

देश सेवा में बारां के छोरों से छोरियां भी पीछे नहीं है. अंता ब्‍लॉक के अलीपुरा गांव की बेटी ऋषिना शर्मा भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनी हैं, यह मुकाम हासिल कर बेटी ऋषिना ने क्षेत्र का गौरव बढाया है.  आज अलीपुरा गांव के साथ-साथ पूरा बारां जिला ऋषिना की इस सफलता पर नाज कर रहा है. 

बचपन का सपना हुआ पूरा 

भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर पहुंचने वाली ऋषिना शर्मा बारां जिले से पहली महिला बनी. ऋषिना शर्मा का बचपन से ही देश सेवा का सपना था, वह पूरा मेहनत और लगन से पूरा हुआ. उन्होंने कहा क‍ि ईश्‍वर और माता-प‍िता के आशीर्वाद से सफलता म‍िली. साल 2018 से 2022 तक वह बेंगलुरु स्थित नित्या मीनाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इन्फॉर्मेशन साइंस एंड इंजीनियरिंग में बी.टेक की पढ़ाई की.

बीटेक करने के बाद 2 साल जॉब कीं 

पढ़ाई के दौरान ही वे एनसीसी से जुड़ीं, और एनसीसी का ‘सी' सर्टिफिकेट भी हासिल किया. बीटेक के बाद लगभग 2 साल एक मल्टीनेशनल कंपनी में साइबर सिक्योरिटी ऑफिसर के पद पर काम किया. ऋषिना ने यह मन में पूरी तरह ठन लिया था कि सेना में पहुंचकर देश सेवा करनी है.  इस लक्ष्य के लिए ऋषिना ने सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (SSB) में भाग लिया, जहां से चयनित होकर ॠषिना ने खुद को फ्लाइंग ऑफिसर पद के लिए तैयार किया. सैन्य ट्रेनिंग शुरू हुई.  

7 मार्च को मिली नियुक्ति 

एयरफोर्स अकादमी, हैदराबाद से 6 महीने की ट्रेनिंग और वायु सेना तकनीकी कॉलेज, जलाहल्ली (पश्चिम) बेंगलुरु से 9 महीने का तकनीकी प्रशिक्षण हुआ. 7 मार्च 2026 को पासिंग आउट परेड के बाद ऋषिना शर्मा को भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर (इंटेलिजेंस) के पद पर नियुक्ति मिली.  ऋषिना को पोस्टिंग नई दिल्ली में मिली. ऋषिना के पिता हरीश शर्मा जयपुर विद्युत प्रसारण निगम बारां में सहायक अभियंता हैं.  मां नीलम शर्मा बारां के सुंदलक गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टीचर हैं. 

Advertisement

बारां से अर्जुन अरविंंद की रिपोर्ट... 

यह भी पढ़ें: बाड़मेर से जयपुर तक तप रहा राजस्थान, अगले 48 घंटों में 3 डिग्री तक बढ़ेगा पारा, 25 जिलों में येलो अलर्ट