जैसलमेर जिले के झिन्झिनियाली थाना क्षेत्र में हुए हत्थूदेवी हत्याकांड को लेकर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने पुलिस जांच पर गंभीर सवाल खड़े किए है. बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने बड़ी साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं. मंगलवार को सांसद बेनीवाल, बायतु विधायक और मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने मृतका के परिजनों के साथ जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे से मिलने पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग की. सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कहा कि यह घटना लूट के लिए की गई सामान्य हत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम प्रतीत होती है.
पीड़ित परिवार के करीबी थे आरोपी
उम्मेदाराम ने बताया कि आरोपी के पीड़ित परिवार के साथ बहुत करीबी, बिल्कुल परिवार जैसे संबंध थे. परिवार का उस पर इतना भरोसा था कि घटना वाले दिन जब वे बाहर गए, तो घर की चाबियां भी उसे ही देकर गए थे. इतनी बड़ी घटना को आरोपी ने अकेले अंजाम नहीं दिया है. सांसद का कहना है कि पहले परिवार का अटूट विश्वास जीता गया, ताकि किसी को शक न हो, जो एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा लगता है. उन्होंने बताया कि इस मामले के पीछे जमीन विवाद और अन्य कई एंगल हो सकते हैं, जिनका मामला अजमेर के रेवेन्यू कोर्ट में भी चल रहा है.
वहीं, मृतका के जीजा भेराराम ने कहा कि मृतका उनकी साली थी, उनका परिवार पिछले 30 वर्षों से झिंझिनियाली इलाके में रह रहा है. वहां उन्होंने जमीन ले रखी है और करीब 12-13 साल से ट्यूबवेल चलाकर खेती कर रहे हैं. घर में एक पारिवारिक शादी का कार्यक्रम था, जिसके चलते परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे. घटना से पहले, मृतका के पति ने आरोपियों के परिवार से मिलकर कहा था कि वह घर जा रहे हैं और वे उनकी पत्नी का ध्यान रखें, लेकिन इसके बाद यह दुखद घटना घटित हुई.
हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार
भेराराम ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जो उनका पड़ोसी ही निकला. इसके अलावा, उन्होंने 4-5 अन्य लोगों के नाम भी पुलिस को दिए हैं, जिन पर उन्हें शक है. उन्होंने दावा किया कि आरोपियों के बीच घटना के बाद बातचीत और चैट भी हुई है, जिसके साक्ष्य उपलब्ध हैं. उनके अनुसार, हत्या का मुख्य कारण जमीन का लालच हो सकता है. हाईवे के पास उनकी काफी बड़ी और कीमती जमीन है.
आरोपी चाहते थे कि दबाव बनाकर इस परिवार को वहां से भगा दिया जाए, ताकि वे जमीन पर कब्जा कर सकें. भेराराम ने इस मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सरकार की चुप्पी पर गहरा दुख और गुस्सा व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि अगर आरोपी किसी अन्य समुदाय से होता, तो अब तक बहुत शोर मच चुका होता. हम जाट समाज के लोग हैं, क्या हम हिंदू नहीं हैं. सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से अभी तक कोई ठोस प्रतिक्रिया या सफाई नहीं आई है, जो कि अत्यंत निंदनीय है.
गोली मारकर की गई थी हत्या
बता दें कि 21 अप्रैल 2026 की रात को जोगीदास का गांव तेजमालता में किसान परिवार की महिला हत्थूदेवी पत्नी अमराराम की उनके खेत में बने कुएं पर स्थित घर में खिड़की से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना का खुलासा पुलिस ने 25 अप्रैल को प्रेस वार्ता करके किया था. पुलिस ने एक युवक हेम सिंह को गिरफ्तार किया था और लूट हत्या को मोटिव माना गया था, लेकिन अब सांसद बेनीवाल ने इस मामले को लेकर स्पष्ट कहा कि यह घटना लूट के लिए की गई सामान्य हत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश का परिणाम प्रतीत होती है.