Barmer news: बाड़मेर जिले में एक युवक का अपहरण और फिर उसकी हत्या का मामला सामने आया है. शिकायत के मुताबिक, युवक को आरोपी अपने घर ले गए और फिर कुल्हाड़ी से काट दिया. गंभीर हालत में उसे बाड़मेर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया. हमले में युवक इतनी बुरी घायल हो चुका था कि उसे फिर प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया. महेश पुत्र जोगाराम अपने भाई के साथ जब विशाला गांव जा रहा था, तभी वारदात को अंजाम दिया गया.
बाइक सवार का रास्ता रोका और फिर की मारपीट
पुलिस को मिली शिकायत के मुताबिक, तीन युवकों व उनकी मां ने बाइक सवार युवक का रास्ता रोक लिया. युवक की बाइक रोकने के बाद उससे मारपीट की गई और फिर महेश को अपने साथ जबरदस्ती ले गए. युवक के अपहरण के बाद आरोपी उसे घर ले गए और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए.
पुलिस ने युवक को छुड़वाया
घटना की सूचना मिलने के बाद विशाला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आरोपियों से छुड़ाकर बाड़मेर मेडिकल कॉलेज जिला अस्पताल में भर्ती करवाया. इस मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि रंजिश 4 महीने से चली आ रही है. आरोपियों के परिवार की ही एक लड़की महेश के साथ चली गई थी. हालांकि, कुछ दिन युवक के साथ रहने के बाद वह घर आ गई.
चारों आरोपी पुलिस हिरासत में
भले ही लड़की घर गई थी, लेकिन लड़की के भाई और उसकी मां युवक से बेहद नाराज थे और उससे बदला लेना चाहते थे. उन्होंने मौका देखकर इस वारदात को अंजाम दिया है. फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पुलिस अधीक्षक ने इस मामले को धार्मिक रूप नहीं देने की अपील भी की.