Barmer News: ढाणी में चल रही अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद

पुलिस को मौके से तीन किलो से अधिक तैयार एमडी ड्रग बरामद हुई है. इसके अलावा ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Barmer News: बाड़मेर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. रविवार को बाड़मेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ढाणी में संचालित अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया. पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में एमडी ड्रग, केमिकल्स और ड्रग बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए हैं.

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेड़वा थाना क्षेत्र के सिहार गांव स्थित एक ढाणी में अवैध रूप से एमडी ड्रग तैयार की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशन में पुलिस टीम ने दबिश दी. कार्रवाई के दौरान ढाणी के बाहर बने एक कमरे में एमडी ड्रग बनाने की फैक्ट्री संचालित होती मिली, जहां नशीला पदार्थ तैयार किया जा रहा था.

तीन किलो से अधिक तैयार एमडी ड्रग बरामद

पुलिस को मौके से तीन किलो से अधिक तैयार एमडी ड्रग बरामद हुई है. इसके अलावा ड्रग निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ भी जब्त किए गए हैं. पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांवों और ढाणियों तक फैल रहे ड्रग नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके. सेड़वा थाना पुलिस और चौहटन डीएसपी की टीम मौके पर लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है.

Advertisement

पुलिस अधीक्षक करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

बताया जा रहा है कि सोमवार को बाड़मेर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा पूरे मामले का प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए खुलासा करेंगे. गौरतलब है कि बाड़मेर जिले में अब तक आधा दर्जन से अधिक अवैध ड्रग फैक्ट्रियां पकड़ी जा चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में नशे के बढ़ते नेटवर्क का खुलासा हो रहा है.

Topics mentioned in this article