ब्यावर के रायपुर मारवाड़ पंचायत समिति में सहायक अभियंता (AEN) प्रदीप कुमार को एसीबी ने ट्रैप किया. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने सोमवार (16 मार्च) को 15 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई को राजसमंद एसीबी ऑफिस की टीम ने अंजाम दिया. एसीबी के मुताबिक, आरोपी प्रदीप कुमार ने एक परिवादी से उसके बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी.
सरकारी आवास पर रिश्वत लेते पकड़ा
एडिशनल एसपी हिम्मत चारण ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने आरोपी को उसके सरकारी आवास पर 15 हजार की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया.
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने मौके पर ही आरोपी से पूछताछ की और सरकारी आवास की तलाशी ली. साथ ही उसके निजी वाहन की भी जांच की जा रही है. एसीबी अधिकारियों के अनुसार, मौके से जुड़े दस्तावेज और रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा सके.
अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच भी जारी
फिलहाल एसीबी की कार्रवाई जारी है और आरोपी सहायक अभियंता से पूछताछ की जा रही है. टीम यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता तो नहीं है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान के फंड कटौती पर सियासत तेज, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार से मांगा जवाब