बहरोड़ (कोटपूतली) में नेशनल हाईवे 48 पर भीषण सड़क हादसा हो गया. ट्रेलर से जोरदार टक्कर के बाद ट्रोला में भीषण आग लग गई. हादसा इतना भयावह था कि ड्राइवर चालक जिंदा जल गया. मृतक का नाम रवि यादव बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, यह हादसा देर रात जैनपुरवास कट के पास हुआ. इसके बाद हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. हादसे में ट्रोले का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गई.
केबिन में फंस गया था ड्राइवर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत के तुरंत बाद ट्रोला के केबिन से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया. चालक केबिन में फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत जुटाकर आग बुझाने और चालक को निकालने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी पास नहीं जा सका.
काफी देर तक चीखता रहा चालक
चालक की चीख पुकार काफी देर तक सुनाई पड़ती रही और फिर काफी देर तक संघर्ष के बाद उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रोला पूरी तरह जल चुका था.
हाईवे के दोनों ओर ट्रैफिक जाम रहा
हादसे के कारण नेशनल हाईवे-48 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को धीरे-धीरे से शुरू कराया. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान विधानसभा में आज 2 बनाम 5 साल के मुद्दे पर टकराव जारी, विपक्ष की लॉबी में होगी कांग्रेस की अहम बैठक