Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसके चोरी करने के अंदाज ने खाकी को भी हैरान कर दिया है. मेवाड़ के प्रसिद्ध कोटड़ी चारभुजा नाथ मंदिर (Charbhuja Nath Mandir Kotri) में आयोजित रंगोत्सव के दौरान महिलाओं के गले से जेवरात पार करने वाली बाछड़ा गैंग (Bachhada Gang) की 7 महिला सदस्य गिरफ्तार की गई हैं. यह गिरोह इतना शातिर है कि पकड़े जाने के डर से चोरी किए गए आभूषणों को मौके पर ही निगल (Swallow) जाता था.
पेट से निकला सोने का मंगलसूत्र और 6 मोती
पुलिस को मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़ के बीच कुछ महिलाओं पर शक हुआ. जब उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उनके पास से कुछ बरामद नहीं हुआ. हालांकि, कड़ाई से पूछताछ और मेडिकल मुआयने के दौरान संदेह होने पर जब एक आरोपी महिला सपना का एक्स-रे (X-ray) करवाया गया, तो डॉक्टर और पुलिसकर्मी दंग रह गए. महिला के पेट के अंदर धातु के आभूषण साफ नजर आ रहे थे. इसके बाद आरोपी को जिला चिकित्सालय (महात्मा गांधी हॉस्पिटल) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने विशेष प्रक्रिया के जरिए महिला के पेट से सोने का मंगलसूत्र और 6 मोती बाहर निकलवाए.
कैसे देती थीं वारदात को अंजाम?
थाना प्रभारी महावीर प्रसाद ने बताया कि यह गिरोह मुख्य रूप से भीड़भाड़ वाले मेलों और उत्सवों को निशाना बनाता था. इनका टारगेट मंदिर में दर्शन के लिए आई महिलाएं होती थीं. भीड़ का फायदा उठाकर ये गले से चेन या मंगलसूत्र काट लेती थीं. इस दौरान अगर कोई महिला शोर मचा दे या शक हो जाए, तो गहने को तुरंत निगल लेती थीं ताकि तलाशी में कुछ न मिले.
मध्य प्रदेश का गैंग राजस्थान में सक्रिय
पकड़ी गई सभी 7 महिलाएं मध्य प्रदेश के नीमच (मनासा) क्षेत्र की रहने वाली हैं. पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार भी जब्त की है. गिरफ्तार की गई महिलाओं के नाम इस प्रकार हैं:-
- सपना पत्नी गोल्डी बाछड़ा
- शानु पिता बाबू लाल बाछड़ा
- वर्तिका पत्नी अमित बाछड़ा
- बरजी बाई पत्नी दयाल बाछड़ा
- बसन्ती पत्नी फूलचंद बाछड़ा
- मैना पत्नी भालू सिंगावल
- पायल पत्नी गोलू बाछड़ा
पुलिस की अपील
कोटड़ी पुलिस अब इस गिरोह से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है. पुलिस का मानना है कि इस गैंग ने शीतला सप्तमी के अवसर पर अन्य कई स्थानों पर भी ऐसी वारदातें हुई हो सकती हैं. श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे आगे से भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें.
ये भी पढ़ें:- नाबालिग से रेप कर महीनों फरार रहा रहीश, पुलिस ने जब बंद किए भागने के सभी रास्ते, परिजनों ने खुद पहुंचाया थाने