आज सराफा बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है. चांदी 19,500 रुपये तक सस्ती हुई, जबकि सोना 10,000 रुपये घटकर आमजन और आभूषण खरीदारों के लिए राहत का सबब बन गया. इस गिरावट के बाद निवेशक और जेवरात खरीदार दोनों ही बाजार में सक्रिय दिखे.
डेढ़ लाख से कम हुआ सोना
आज जयपुर के सराफा बाजार में शुद्ध सोना 1,38,000 रुपये प्रति दस ग्राम, जेवराती सोना 1,29,500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 2,11,500 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी. सराफा व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों में वैश्विक स्तर पर सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण स्थानीय बाजार में भी भाव में गिरावट आई है.
युद्ध का सराफा बाजार पर पड़ा असर
विशेषज्ञों के अनुसार, युद्ध के हालात, वैश्विक आर्थिक स्थिति, डॉलर की मजबूती और अंतरराष्ट्रीय सोना-चांदी के भाव में बदलाव का असर सीधे भारतीय सराफा बाजार पर पड़ता है. उन्होंने निवेशकों को सलाह दी है कि कीमतों में उतार-चढ़ाव को देखते हुए बड़े निवेश से पहले बाजार की स्थिति पर ध्यान दें.
आमजन को मिली राहत
जयपुर सराफा ट्रेडर्स कमेटी ने यह ताजा भाव जारी किए हैं. आभूषण खरीदने वाले और निवेशक अब इस अवसर का फायदा उठा सकते हैं. बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार की दिशा तय करेगी कि स्थानीय भाव कितने समय तक स्थिर रहेंगे. इस गिरावट ने न सिर्फ आमजन के लिए राहत दी है, बल्कि आभूषण कारोबार को भी फिर से गति देने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: बाबूलाल कटारा को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, अंतरिम जमानत याचिका हुई खारिज