राजस्थान में BJP विधायक से अधिकारियों ने की मारपीट? आंख के पास लगी चोट; पुलिस मौके पर पहुंची

राजस्थान के श्रीगंगानगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक जनसुनवाई के दौरान सत्ताधारी दल के विधायक पर ही हमले की खबर आई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान: श्रीगंगानगर में BJP विधायक जयदीप बिहानी पर हमला, RUIDP अधिकारी पर मारपीट का आरोप, आंख के पास लगी चोट
NDTV Reporter

Sri Ganganagar News: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से गुरुवार को एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई. यहां बीजेपी विधायक जयदीप बिहानी पर उनके ही विधायक सेवा केंद्र में हमला हुआ. आरोप है कि जनसुनवाई के दौरान पेयजल समस्याओं को लेकर चर्चा करने आए RUIDP (राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना) के अधिकारियों ने विधायक के साथ मारपीट की, जिसमें उनकी आंख के नीचे चोट आई. 

पानी के संकट पर मचे बवाल के बीच हमला

विधायक जयदीप बिहानी ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से करनपुर रोड और पुरानी आबादी सहित शहर के कई इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है. इसी गंभीर मुद्दे पर चर्चा के लिए उन्होंने RUIDP और एलएनटी (L&T) के अधिकारियों को अपने कार्यालय बुलाया था. विधायक का कहना है कि सुबह से फोन करने के बावजूद अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे थे और जब वे मौके पर पहुंचे, तो बहस मारपीट में तब्दील हो गई.

Advertisement

अधिकारी पर लगाया मारपीट का सीधा आरोप

विधायक बिहानी के अनुसार, जब उन्होंने पेयजल व्यवस्था में लापरवाही को लेकर अधिकारियों से कड़ाई से सवाल पूछे, तो वहां मौजूद RUIDP के AEN ने अचानक उन पर हमला कर दिया. इस हमले में विधायक के चेहरे और आंख के पास चोट लगी है. मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पुलिस ने स्थिति को संभाला. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

550 करोड़ की योजना और अधूरी तैयारी

विधायक ने शहर की बदहाल व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 550 करोड़ रुपये की जल योजना की समय सीमा बीत चुकी है, लेकिन काम अब भी अधूरा है. उन्होंने चेतावनी दी कि शहर की जनता को प्यासा नहीं रहने दिया जाएगा. विधायक ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्य सचिव को भेजने की बात कही है.

सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में भारी रोष है. विधायक ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है. राज्य में एक विधायक पर सरकारी अधिकारी द्वारा हमले के इस मामले ने प्रशासनिक गलियारों में भी खलबली मचा दी है.

पुलिस ने क्या कहा?

नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने NDTV राजस्थान को बताया कि विधायक की शिकायत पर FIR दर्ज करने की तैयारी की जा रही है. फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है .

Advertisement

ये भी पढ़ें:- नींबू उधार न देने पर 4 लोगों ने सब्जीवाले को पीटा, अब पुलिस ने किया ऐसा हाल की चल भी नहीं पा रहे