भाजयुमो और एबीवीपी ने अलग-अलग मुद्दों पर अजमेर और जयपुर में किया विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने भांजी लाठियां

राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि "भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही जो भी इस पेपर लीक मामले में दोषी लोग हैं, चाहे वो ब्यूरोक्रेट हैं, चाहे नेता हैं, वो किसी भी बिल में घुस जाएं उनको निकाल कर सजा दी जाएगी."

विज्ञापन
Read Time: 18 mins
पुलिस लाठीचार्ज में घायल कई कार्यकर्ताओं को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है.
जयपुर:

भाजपा से जुड़े संगठनों ने मंगलवार को अलग-अलग मुद्दों पर जयपुर और अजमेर में विरोध प्रदर्शन किया. दोनों ही जगहों पर कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं. घायलों में भाजयुमो के प्रदेशाध्‍यक्ष अंकित चेची भी शामिल हैं. अजमेर में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से राजस्थान लोक सेवा आयोग का घेराव किया गया था. युवा आक्रोश महा प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. वहीं जयपुर में अखिल भारतीय विद्याथी परिषद ने महिलाओं के खिलाफ अपराध और जोधपुर में रविवार को नाबालिग लड़की से बलात्कार के विरोध में प्रदर्शन किया गया. यहां भी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया गया. 

भाजयुमो के प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प के बाद कई कार्यकर्ताओं को अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष सीपी जोशी ने खुद कमान संभाली और घायलों को अपने कंधे पर लेकर अस्‍पताल पहुंचे. इस दौरान सांसद बालकनाथ और विधायक वासुदेव देवनानी भी अस्‍पताल पहुंचे. 

Advertisement

घेराव से पहले एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से बीजेपी युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए. भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला भी फूंका. विरोध प्रदर्शन में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, बीजेपी सांसद महंत बालक नाथ, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची समेत कई बीजेपी नेता शामिल हुए. 

राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष सीपी जोशी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि "भारतीय जनता पार्टी की सरकार आते ही जो भी इस पेपर लीक मामले में दोषी लोग हैं, चाहे वो ब्यूरोक्रेट हैं, चाहे नेता हैं, वो किसी भी बिल में घुस जाएं उनको निकाल कर सजा दी जाएगी."  

सांसद महंत बालक नाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में युवाओं लूटने का काम किया है, युवाओं के भविष्य के पेपर को चोरी करने का काम किया, इन्हें जनता माफ नही करेगी. चाहे जितनी बार पेपर लीक हुआ, इन्होंने चोरी करने का काम किया है. उन्‍होंने कहा कि यह जनता को दिखाने के लिए कभी किसी को पकड़ते है, रेड पड़वाते हैं. यह मात्र दिखावा करते है. उन्‍होंने कहा कि आने वाले समय में जनता इनको सबक सिखाएगी. उन्होंने कहा कि हिंदुओं का अपमान, पेपर लीक, युवाओं पर अत्याचार, महिलाओं का अपमान नही सहेगा राजस्थान. 

वहीं युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह भाषण का समय नही आंदोलन का समय है. यह लाठी खाने का समय है. यहां की भ्रष्ट कांग्रेस सरकार व मुख्यमंत्री ने करोड़ों युवा साथियों का भविष्य बर्बाद करने का काम किया है. सूर्या ने कहा कि जहां जहां कांग्रेस की सरकार है वहां युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है. आने वाले दिन में जितने भी युवा हैं वो आक्रोश खड़ा करके सरकार बनाने का काम करेंगे. उन्‍होंने कहा कि चाहे रीट मामला हो या पेपर लीक, मुख्यमंत्री सीबीआई जांच नहीं करवा रहे हैं.  सूर्या ने कहा कि हमारी सरकार आने पर 90 दिनों में सीबीआई जांच कराकर सभी को अंदर करने का काम करेगी. 

Advertisement

साथ ही उन्‍होंने कहा कि इस आरपीएससी को भंग कर यूपीएससी की तर्ज पर ऐसी व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिससे लोगों में विश्‍वास बहाल हो और युवाओं के साथ न्याय हो सके. 

सचिन पायलट ने उठाया था पेपर लीक का मुद्दा 
हाल ही में राजस्थान में पेपर लीक का मुद्दा काफी सुर्खियों मे रहा है. इसे लेकर पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ अजमेर से जयपुर तक पदयात्रा निकाली थी. साथ ही पायलट ने अपनी जनसंघर्ष यात्रा के दौरान अपनी ही सरकार के खिलाफ पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की थी. 

Advertisement

पेपर लीक करने वालों के खिलाफ उम्र कैद का प्रावधान 
राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं. इन्‍हें रोकने के लिए गहलोत सरकार सख्‍त कदम उठाने जा रही है. इसके तहत सरकार राजस्थान विधानसभा में पेपर लीक करने वालों के खिलाफ एक विधेयक लेकर आ रही है. इसमें पेपर लीक करने वालों के लिए अधिकतम सजा का प्रावधान उम्रकैद होगा. 

ये भी पढ़ें :

* पति ने दूसरी शादी की नियत से पत्नी को डायन बताकर घर से निकाला, 2 बच्चों के साथ थाने के चक्कर काट रही महिला
* लेट ऑफिस आने पर भेजा गया कारण बताओ नोटिस, कर्मचारी ने दिया ऐसा जवाब जो हो रहा वायरल
* राजस्थान के सीकर में बदमाशों ने दो युवकों से जमकर की मारपीट


Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.