कोटा, जोधपुर, सीकर, बीकानेर, जैसलमेर समेत राजस्थान में कई जगह पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप

राजस्थान में आज कोटा, जोधपुर, सीकर, पाली, बीकानेर, भीलवाड़ा, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, झुंझुनूं में पासपोर्ट ऑफिस में बम होने की धमकी मिली. साथ ही, बाड़मेर, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ में मुख्य पोस्ट ऑफिस को भी धमकी भेजी गई.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
सीकर में पासपोर्ट दफ्तर छावनी की तरह नजर आने लगा
NDTV

राजस्थान में बम धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है. आज, 10 मार्च को राजस्थान के कई शहरों में पासपोर्ट कार्यालयों को बम धमाकों में उड़ाने की धमकी दी गई. राजस्थान के कोटा, सीकर, जोधपुर और बीकानेर में पासपोर्ट ऑफिसों में बम होने की धमकी दी गई. इसके बाद इन सभी जगहों पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं और वहां सुरक्षा की जांच की गई.

जयपुर पासपोर्ट ऑफिस में भेजी धमकी

सीकर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ने की धमकी जयपुर पासपोर्ट ऑफिस में भेजी गई. जयपुर में एक ईमेल में सीकर पासपोर्ट कार्यालय में बम होने की धमकी दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी पूरे दल बल के साथ पासपोर्ट ऑफिस पहुंच गया. जयपुर से भी बम निरोधक दस्ता टीम को बुलाया जा रहा है. एएसपी तेजपाल सिंह, सीओ सिटी संदीप चौधरी, कोतवाल सुनील जांगिड़, उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश बुडानिया सहित अधिकारी मौके पर पहुंच गए. साथ ही, एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा सहित आपातकालीन टीम भी मौके पर मौजूद हैं.

सीकर में फतेहपुर रोड पर स्क्वायर मॉल की बिल्डिंग में स्थित पासपोर्ट ऑफिस और इसके आस-पास अफरातफरी मच गई. आसपास में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए. पुलिस की टीम ने लोगों को मौके से दूर हटाया.

सीकर पासपोर्ट कार्यालय के बाहर लोगों की भीड़ लग गई
Photo Credit: NDTV

कोटा में धमकी

कोटा में नयापुरा पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई. साथ ही उसके पास में ही संचालित होने वाले पोस्ट ऑफिस की बिल्डिंग को बम से उड़ने की धमकी भेजी गई. धमकी की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दफ्तर के सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल कर चेकिंग अभियान शुरू किया गया.

Advertisement

नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस इंटेलिजेंस टीम को सूचना मिली थी कि नयापुरा स्थित पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ने की धमकी मिली है. इसके बाद पुलिस ने पहले पूरी बिल्डिंग को खाली कराया. फिर बम डिस्पोजल दस्ते, डॉग स्क्वाड टीम और कोटा पुलिस की इंटेलिजेंस की टीम ने बिल्डिंग के चप्पे चप्पे को खंगाला. चेकिंग में कोई भी आपत्तिजनक चीज या ऐसी विस्फोटक संदीप वस्तु बरामद नहीं हुई है.  चेकिंग के बाद पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ऑफिस को वापस खोला गया.

जोधपुर में धमकी

जोधपुर में पाल रोड स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस का जाब्ता पहुंचा और पासपोर्ट कार्यालय छावनी में तब्दील हो गया जिसके बाद वहां सुरक्षा जांच की गई.

Advertisement

पाली में धमकी

राजस्थान के पाली जिले में भी पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भेजी गई. पाली में पुराना बस स्टैंड के पास प्रधान डाकघर परिसर में स्थित दफ्तर को धमकी भरा ईमेल भेजा गया. इसके बाद कोतवाली पुलिस और पुलिस के आलाधिकारी वहां पहुंच गए. प्रधान डाक घर ओर  पासपोर्ट ऑफिस को बंद किया गया. पुलिस ने सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला.

झुंझुनूं में धमकी

झुंझुनूं में रेलवे स्टेशन स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी दी गई जिसके बाद पासपोर्ट केंद्र में हड़कंप मच गया.
 

Advertisement

श्रीगंगानगर में पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी 

श्रीगंगानगर पोस्ट ऑफिस परिसर में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. धमकी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली करवा दिया.  ईमेल के जरिए धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा घेरा बना दिया गया. खुफिया एजेंसियों से जुड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं.

पासपोर्ट कार्यालय श्रीगंगानगर के मुख्य पोस्ट ऑफिस की पिछली बिल्डिंग में संचालित होता है. सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है. 

भीलवाड़ा में धमकी

भीलवाड़ा में भी पासपोर्ट ऑफिस में बम की धमकी दी गई. ईमेल के माध्यम से पासपोर्ट ऑफिस को उड़ाने की धमकी की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर भारी पुलिस जाप्ता पहुंच गया. भीलवाड़ा में पासपोर्ट ऑफिस डाकघर में चलता है.

डूंगरपुर में पोस्ट ऑफिस को धमकी

डूंगरपुर जिले में भी डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई जिसके बाद डाकघर में हड़कंप मच गया. डाकघर की ऑफिस की मेल पर धमकी भेजी गई. इसके बाद पुलिस, CID पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पोस्ट ऑफिस को खाली करवाया गया.

बाड़मेर में धमकी

बाड़मेर जिले में भी प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी दी गए. एक दिन पहले वहीं जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी जो अफवाह निकली.

प्रतापगढ़ में धमकी

प्रतापगढ़ में मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई. वहां पोस्ट ऑफिस के ऑफिशियल मेल पर धमकी भेजी गई. धमकी के बाद आसपास की दुकानों को खाली करवाया गया और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी गई. पोस्ट ऑफिस में कार्यरत कर्मचारियों और अधिकारी भी बाहर निकल गए.

LIVE TV देखें

Topics mentioned in this article