Rajasthan: ब्रेक फेल, ड्राइवर सीट से गिरा... बेकाबू हुई बस, कांस्टेबल की बहादुरी ने बचाई 40 सावरियों की जान

Rajasthan news: बाड़मेर में एक रोडवेज बस के ब्रेक फेल होने और ड्राइवर के गिरने के बाद, कांस्टेबल जेठाराम ने स्टीयरिंग व्हील संभाला और 40 यात्रियों की जान बचाई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Constable Jetharam, Barmer
NDTV

Barmer Roadways Bus Accident: राजस्थान के बाड़मेर जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला  मंजर देखने को मिला. बाड़मेर से चौहटन जा रही एक रोडवेज बस मौत की रफ्तार से दौड़ रही थी, लेकिन एक जांबाज पुलिस कांस्टेबल की सूझबूझ ने चीखते-चिल्लाते यात्रियों को नई जिंदगी दे दी. धनाऊ थाने में तैनात कांस्टेबल जेठाराम ने चलती बस में जो साहस दिखाया, उसकी चर्चा आज पूरे प्रदेश में हो रही है.

ड्राइवर सीट से गिरा, बस हुई 'बेकाबू'

घटना सदर थाना इलाके में कुर्जा फांटा के पास तब हुई जब बाड़मेर से चौहटन जा रही रोडवेज बस जिले से सिर्फ 15 km दूर थी. बस में 35 से 40 यात्री सवार थे, जिनमें ज़्यादातर महिलाएं थीं. बस के ठीक आगे चल रही एक पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे रोडवेज बस के ड्राइवर ने भी ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन अचानक ब्रेक लगाने और स्टीयरिंग घुमाने से बस कंट्रोल से बाहर हो गई और ड्राइवर सीट से फिसलकर बोनट और सीट के बीच में गिर गया. अचानक स्टीयरिंग खोने से बस कंट्रोल से बाहर हो गई.

Advertisement

 ड्राइवर को गिरा देख कांस्टेबल जेठाराम ने थामा बस का  स्टीयरिंग 

इसी बीच, ड्राइवर के बगल वाली सीट पर केबिन में बैठे कांस्टेबल जेठाराम ने फुर्ती दिखाई और कूदकर ड्राइवर की सीट पकड़कर स्टीयरिंग थाम लिया. सूझबूझ दिखाते हुए उन्होंने पहले ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन ब्रेक पूरी तरह फेल हो चुके थे. इसके बाद उन्होंने सब्र दिखाते हुए बस को सड़क से नीचे मोड़ दिया. जिससे बस सड़क किनारे उगी झाड़ियों को रौंदते हुए करीब 150 मीटर आगे बढ़ी और एक पेड़ से टकराकर रुक गई. बस के ठीक सामने 15 फीट गहरी खाई थी. किस्मत से झाड़ियों और पेड़ ने बस को आगे जाने से रोक दिया .

पूरे जिले में हो रही सराहना

हादसे के बाद यात्रियों की अटकी सांसें बहाल हुईं. साथ ही पुलिस को घटना की सूचना दी . मौके पर पहुंची सदर पुलिस और स्थानीय लोगों ने सभी सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया. यात्रियों ने वीडियो बनाकर कांस्टेबल जेठाराम का आभार जताया. खुद पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने वाले जेठाराम की इस वीरता के लिए विभाग के उच्च अधिकारी उन्हें सम्मानित करने की तैयारी कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें; Rajasthan: डिजिटल जनगणना के नाम पर नया साइबर फ्रॉड गैंग एक्टिव, फर्जी कॉल और लिंक से खाते हो रहे खाली

Topics mentioned in this article