Bundi Toppers Flight Trip: ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को ऊंची उड़ान देने का एक अनोखा मामला राजस्थान के बूंदी जिले में देखने को मिला. यहां सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले दो होनहार विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत के दम पर हवाई यात्रा का सपना पूरा किया है. अपनी मेहनत के दम पर छात्रों ने आसमान की ऊंचाईयां छूने के साथ साथ देश की राजधानी दिल्ली पहुंचकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से विशेष मुलाकात भी की.
पूर्व सरपंच के बेटे ने सपनों को दिए पंख
दरअसल, बंबूली गांव के दो होनहार छात्रों के सपनों को गांव के पूर्व सरपंच प्रहलाद नागर के बेटे मुकेश धाकड़ की अनूठी पहल के जरिए हुआ है. शिक्षा को सम्मान देने के लिए उन्होंने अपने निजी खर्च पर‘चैन बंबूली उड़ान योजना' की शुरूआत की. जिसके तहत ग्रामीण अंचल में शिक्षा को बढ़ावा मिल सके. इसी के जरिए गांव के दो मेधावी छात्रों को उनकी पहली हवाई यात्रा कराते हुए दिल्ली और जयपुर का पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण कराया.
योजना के तहत सरकारी स्कूल के बंबूली के सत्र 2025-26 के दो सर्वश्रेष्ठ छात्रों का चयन किया गया. जिसमें कक्षा 12वीं से छात्र अवधेश नागर जिसने 87 प्रतिशत और कक्षा 10वीं के छात्र सलीम मोहम्मद ने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह अवसर हासिल किया.
जयपुर से दिल्ली तक बादलों के ऊपर का रोमांच
जयपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरते समय दोनों छात्र रोमांच और उत्साह से भरे हुए थे.विमान जैसे-जैसे ऊंचाई पर पहुंचा दोनों बच्चों ने खिड़की के बाहर फैले बादलों का दृश्य देखकर उनकी आंखों में चमक आ गई. 12वीं के छात्र अवधेश नागर ने बताया कि ऐसा लग रहा था जैसे रुई के विशाल गुब्बारे हमारे आसपास तैर रहे हों और नीचे की दुनिया खिलौनों जैसी छोटी दिख रही है. वहीं 10वीं के सलीम मोहम्मद ने कहा कि मैंने कभी सपने में सोचा भी नहीं था कि हम कभी हवाई जहाज में बैठेंगे. आज लग रहा है कि पढ़ाई का मेहनताना सचमुच मिल गया.
ओम बिरला से की मुलाकात
Photo Credit: NDTV
दिल्ली में वीआईपी ट्रीटमेंट
दिल्ली पहुंचने पर दोनों छात्रों को विशेष अतिथि की तरह सम्मान दिया गया. छात्रों के ठहरने की व्यवस्था दिल्ली के प्रतिष्ठित वेस्टर्न कोर्ट में की गई थी. ग्रामीण परिवेश से आए इन बच्चों के लिए यह अनुभव किसी सपने से कम नहीं था. अपनी इस यात्रा के दौरान दोनों बच्चों ने राष्ट्रपति भवन, नया संसद भवन, प्रधानमंत्री संग्रहालय, इंडिया गेट और लाल किला सहित कई ऐतिहासिक और राष्ट्रीय स्थलों का भ्रमण किया. इसके अलावा यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से कराई गई. उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उन्हें खूब पढ़ने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी.
जयपुर ने भी छोड़ी गहरी छाप
दिल्ली भ्रमण के बाद दोनों छात्र जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने वर्ल्ड ट्रेड पार्क, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, सिटी पार्क और जीटी बाजार का भ्रमण किया. अल्बर्ट हॉल में राजस्थान के गौरवशाली इतिहास को देखकर अवधेश ने कहा कि हमारा राजस्थान वीरों की धरती है. यहां के इतिहास को देखकर गर्व महसूस होता है. इस पूरी यात्रा को सफल बनाने में मुकेश धाकड़ के परिवार ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा.
गांव में बनी नई प्रेरणा
यात्रा से लौटने के बाद दोनों विद्यार्थियों ने अपने अनुभव स्कूल के अन्य छात्रों के साथ साझा किए। इससे विद्यालय के बच्चों में पढ़ाई को लेकर नया उत्साह देखने को मिला.विद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पहल आने वाले वर्षों में और अधिक विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम लाने के लिए प्रेरित करेगी। प्रधानाचार्य ने कहा कि मुकेश धाकड़ ने शिक्षा के क्षेत्र में जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है. अब विद्यालय का हर छात्र बेहतर अंक लाकर इस योजना का हिस्सा बनना चाहता है.
यह भी पढ़ें: RPSC SI लिखित परीक्षा परिणाम घोषित, 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी फिजिकल के लिए चयनित