मंत्री के एस्‍कॉर्ट वाहन में ट्रेलर ने मारी टक्‍कर, ASI सह‍ित 4 पुल‍िसकर्मी घायल; 3 की हालत गंभीर

ट्रेलर की टक्‍कर इतनी जबरदस्‍त थी की पुल‍िस की वाहन पलट गई. हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर जाम लग गया. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बूंदी में ट्रेलर की टक्कर से पुलिस एस्कॉर्ट की गाड़ी पलट गई.

बूंदी के हिंडोली-बासनी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जयपुर-कोटा हाईवे पर खड़े पुलिस एस्कॉर्ट वाहन को एक अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक ASI सहित 4 पुलिस के जवान घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई, और कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा.

 ट्रेलर हो गया बेकाबू 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जल संसाधन राज्य मंत्री सुरेश सिंह रावत को बूंदी आना था. पुलिस की ओर से बासनी बॉर्डर पर एस्कॉर्ट वाहन तैनात किया गया था. एस्कॉर्ट वाहन सड़क किनारे खड़ा था, और प्रोटोकॉल ड्यूटी में पुलिसकर्मी मुस्तैद थे. इसी दौरान जयपुर की ओर से आ रहा एक ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया, और सीधे खड़े पुलिस एस्कॉर्ट वाहन से जा टकराया.

हादसे में पुलिसकर्मी घायल हो गए.

 3 पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर 

टक्कर इतनी तेज थी कि एस्कॉर्ट वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, और उसमें सवार पुलिसकर्मी घायल हो गए. हादसे में घायल पुलिस जवानों की पहचान एएसआई मोहन लाल, कांस्टेबल विजय सिंह, विनोद राम और वाहन चालक के रूप में हुई है. दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही हिंडोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से हिंडोली अस्पताल भिजवाया गया. अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है, जहां चिकित्सकों के अनुसार, 3 जवानों की हालत गंभीर बनी हुई है. 

घटना के बाद लगा जाम

हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई. क्षतिग्रस्त वाहनों और जमा हुई भीड़ के कारण यातायात बाधित हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रेलर को सड़क से हटवाया, और यातायात को सुचारू कराया. साथ ही ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

Advertisement

तेज गति से हुआ हादसा  

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में ट्रेलर के तेज गति और चालक की लापरवाही सामने आ रही है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे, और घायलों के इलाज की जानकारी ली. 

यह भी पढ़ें: मुकाम मठ के पीठाधीश्वर स्वामी रामानंद महाराज की गाड़ी पलटी, CM भजनलाल शर्मा से म‍िलकर आ रहे थे वापस 

Advertisement