"मंत्री ने जानबूझकर आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की होगी", गौतम दक के ऑडियो वायरल मामले में मदन राठौड़ का बयान

मदन राठौड़ ने मामला सामने आने पर कैबिनेट मंत्री गौतम दक से फोन पर बात की. बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने मंत्री व्यवहार की तारीफ करते हुए कहा कि उनका व्यवहार हमेशा गरिमापूर्ण रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
Madan rathore: गौतम दक के वायरल ऑडियो पर मदन राठौड़ का बयान.

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सहकारिता मंत्री गौतम दक के कथित ऑडियो को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया कि इस मामले में मंत्री से फोन पर बातचीत की थी. मंत्री ने राठौड़ को बताया कि उनके बयान को गलत संदर्भ में रखा गया. गौतम दक पर पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों को गालियां देने का आरोप है. दावा किया गया कि गौतम दक ने थानाधिकारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. अपमानित करने के साथ ही डराने-धमकाने की कोशिश की. इस मामले में उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हो चुका है. 

मंत्री माफी मांगने के लिए तैयार- राठौड़

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, "कैबिनेट मंत्री ने कॉल पर अपना पक्ष रखा. दक ने कहा कि मैंने ऐसा नहीं बोला है. मैंने उन्हें बुलाया है और उनकी पूरी बात समझूंगा. उनके व्यवहार से मुझे कभी नहीं लगा कि वो ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर सकते हैं. मंत्री गौतम दक का व्यक्तित्व और व्यवहार हमेशा गरिमापूर्ण रहा है. उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने जानबूझकर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की होगी. अगर किसी की भावनाएं आहत हुई है तो मंत्री माफी मांगने के लिए भी तैयार हैं."

Advertisement

कांग्रेस ने उठाए थे सवाल

इससे पहले, कैबिनेट मंत्री के वायरल बयान पर कांग्रेस ने जमकर घेरा था. पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने मदन राठौड़ से सवाल किया था. उन्होंने बीजेपी को आड़े हाथ लेते हुए पूछा था, "मंत्री जो गालियां दे रहे हैं, उनके ऑडियो वायरल हो रहे हैं, उस पर आप क्या कहेंगे? क्या यही नारी शक्ति वंदन की बीजेपी की परिभाषा है जो गौतम दक कर रहे हैं? क्या वो आपको नजर नहीं आता?"

यह भी पढ़ेंः कुचामन में मदन राठौड़ का घेराव, BJP ने दी हिसाब करने की चेतावनी, हनुमान बेनीवाल बोले- 'लाठी-गोली से नहीं डरते'