Rajasthan: चित्तौड़गढ़ में डायरिया का कहर, 66 मामलों में एक की मौत के बाद 4 कर्मचारी निलंबित

Rajasthan News: बेगूं उपखंड में डायरिया के करीब 66 मामले आए है. जिसमें क बुजुर्ग व्यक्ति की मौत भी हो गई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
धुलखेड़ा में डायरिया का प्रकोप
NDTV

Chittorgarh News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं उपखंड क्षेत्र के धुलखेड़ा गांव में दूषित पानी के कारण फैले उल्टी-दस्त (डायरिया) के प्रकोप के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है. लापरवाही बरतने के आरोप में बेगूं उपखंड के चार कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि तीन अन्य के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. इस मामले में एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत भी हो गई है.

विधायक और कलेक्टर ने किया दौरा

मंगलवार को बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ और जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने धुलखेड़ा गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और मामले की पूरी जानकारी ली.

Advertisement

66 लोग हुए बीमार, लगातार जारी है उपचार

उप जिला चिकित्सालय बेगूं के चिकित्सकों ने बताया कि 16 से 20 मई तक इस प्रकरण में कुल 66 रोगी भर्ती किए गए है. इनमें से 28 रोगियों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 5 रोगियों को चित्तौड़गढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है. शेष 33 रोगी डे केयर और वार्ड में भर्ती होकर राहत पा रहे हैं.

लगातार किया जा रहा है सर्वे  

बीमारी को देखते हुए बेगूं नगरपालिका के वार्ड संख्या 25 में चार टीमें बनाकर लगातार सर्वे किया जा रहा है. नमूने लेकर लैब में भेजे जा रहे हैं. वार्ड में ओआरएस, क्लोरीन की गोलियां और अन्य आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाकर बांटी जा रही हैं. पानी में सुपर क्लोरीनेशन की कार्रवाई की जा रही है, ताकि संक्रमण को रोका जा सके.

पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था

मामले को बढ़ता देख जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पानी की सप्लाई टैंकरों के माध्यम से शुरू कर दी है. जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक पेयजल व्यवस्था इसी प्रकार जारी रहेगी. चित्तौड़गढ़ के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता द्वारा इसकी निरंतर निगरानी की जा रही है. निर्देशानुसार, उपभोक्ताओं को पानी देने के लिए 100 एम.एम.डी.आई. पाइप लाइन डालने के निर्देश भी दिए गए हैं.

लापरवाही पर गिरी गाज

जिला कलेक्टर आलोक रंजन द्वारा गठित कमेटी की अनुशंसा पर प्रथम दृष्टया लापरवाही का मामला पाया गया है. जिस पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग उपखंड बेगूं के एक कनिष्ठ अभियंता और सहायक को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं. इसके साथ ही, वार्ड संख्या 25 में साफ-सफाई और गंदगी के लिए जिम्मेदार मानते हुए नगर पालिका बेगूं के एक जमादार और सफाई कर्मचारी को भी निलंबित किया गया है और उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं.

Advertisement

तीन अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका बेगूं के कार्यवाहक अधिशाषी अधिकारी (पदैन नायब तहसीलदार), जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग उपखंड बेगूं के सहायक अभियंता, और नगर पालिका बेगूं के एक कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षक के विरुद्ध सीसीए रूल्स 17 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें: Karauli News: भीषण गर्मी में करौली के लोगों को लगेगा बिजली का झटका , 43 डिग्री के तापमान में 8 घंटे बिजली रहेगी गुल

Advertisement

Topics mentioned in this article