सीएम भजनलाल ने भ्रष्टाचार मामले में कांग्रेस पर किया वार, कहा- योजनाओं को लटकाने और भटकाने का काम हुआ

सीएम भजनलाल ने कहा, कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में 4148 घोषणाएं कीं, लेकिन उनमें से केवल 1900 को ही पूरा किया जा सका. इसके विपरीत उनकी सरकार ने दो वर्षों में 2719 घोषणाएं कीं और उनमें से 2465 को पूरा कर लिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सीएम भजनलाल शर्मा

Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर प्रदेशवासियों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को नहीं छोड़ेगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिन-रात 24 घंटे जनता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने का काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना में पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं जिससे प्रदेशवासियों को नुकसान उठाना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि इस योजना में हुए भ्रष्टाचार के कारण संबंधित मंत्री को भी जेल जाना पड़ा. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.

पेपरलीक के मुद्दे पर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि पिछली सरकार के दौरान भर्ती परीक्षाओं में लगातार पेपरलीक की घटनाएं सामने आती थीं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ. उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है और युवाओं को निष्पक्ष तरीके से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं.

Advertisement

कांग्रेस ने 4148 घोषणा में केवल 1900 को पूरा किया

उन्होंने विकास कार्यों और घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पांच वर्षों में 4148 घोषणाएं कीं, लेकिन उनमें से केवल 1900 को ही पूरा किया जा सका. इसके विपरीत उनकी सरकार ने दो वर्षों में 2719 घोषणाएं कीं और उनमें से 2465 को पूरा कर लिया. उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा में दो साल बनाम पांच साल के प्रतिवेदन पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के विधायक बिना चर्चा किए सदन से चले गए, जो उनकी जनता के प्रति जवाबदेही को दर्शाता है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के समय महत्वपूर्ण योजनाओं को लटकाने और भटकाने का काम किया गया, जबकि उनकी सरकार ने इन योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक एमओयू किए हैं और उन्हें जल्द ही क्रियान्वित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है.

कांग्रेस दिल्ली जाकर सरकार बचाने का प्रयास करती थी

दिल्ली दौरों को लेकर विपक्ष की जा रही आलोचना पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जब भी दिल्ली जाते हैं तो प्रदेश के लिए नई सौगातें लेकर लौटते हैं. उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में दिल्ली जाकर सरकार बचाने के प्रयास किए जाते थे और लंबे समय तक होटल में ठहरकर राजनीतिक गतिविधियां चलाई जाती थीं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे विपक्ष के दबाव में नहीं आएंगे और राजस्थान की जनता के हित में जो भी आवश्यक होगा वह किया जाएगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का पूरा मंत्रिमंडल और जनप्रतिनिधि जनता की सेवा में निरंतर कार्य कर रहे हैं और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः टीकाराम जूली ने राजस्थान पर बढ़े कर्ज पर सरकार से किया सवाल, कहा- राज्य के हिस्से का टैक्स भी नहीं मिल पा रहा