राजस्थान में आगामी निकाय चुनावों से ठीक पहले डीग जिले में कांग्रेस पार्टी के भीतर की आपसी कलह खुलकर धरातल पर आ गई है. पूर्व कैबिनेट मंत्री और कद्दावर नेता विश्वेन्द्र सिंह ने संगठन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोशल मीडिया पर अपना बड़ा आक्रोश व्यक्त किया है. उन्होंने डीग कांग्रेस जिलाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है. उन्होंने लिखा, "निकाय चुनाव के लिए प्रभारियों की जो सूची जारी की गई है, उसमें मेरा नाम न लिखकर सिर्फ 'कांग्रेस प्रत्याशी' लिखा गया है." विश्वेन्द्र सिंह ने इसे संगठन की ओछी मानसिकता और अपने खिलाफ एक सोची-समझी साजिश करार दिया है.
संगठन की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला
अपने राजनीतिक सफर और कद का हवाला देते हुए पूर्व मंत्री ने तीखे लहजे में कहा कि वह 1 बार जिला प्रमुख, 3 बार सांसद और 3 बार विधायक रह चुके हैं. इतने लंबे राजनीतिक अनुभव और वरिष्ठता के बावजूद इस तरह का सार्वजनिक अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रतिक्रिया दी.
आलाकमान को दी चेतावनी
विश्वेन्द्र सिंह ने साफ शब्दों में आलाकमान और संगठन को चेतावनी दी है कि इस अंदरूनी गुटबाजी और षडयंत्र का सीधा और नकारात्मक असर आगामी निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर देखने को मिल सकता है. उन्होंने यह भी जोड़ा कि जो लोग भी इस साजिश के पीछे सक्रिय हैं, डीग की जनता उन्हें आने वाले समय में मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार बैठी है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान पुलिस की 25 महिला कार्मिक लेंगी NSG कमांडो ट्रेनिंग, 12 हफ्ते चलेगा प्रशिक्षण