कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा के खिलाफ हो सकती है कार्रवाई, वायरल वीडियो पर जोगाराम पटेल का बयान

कांग्रेस विधायक के वायरल वीडियो पर सियासत गरमा गई है. बीजेपी ने वीडियो शेयर कर कांग्रेस पर निशाना साधा. सत्ता पक्ष ने इसे सदन की गरिमा के खिलाफ आचरण बताया और सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा (फाइल फोटो)

राजस्थान विधानसभा में कार्यवाही के दौरान कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा के वायरल वीडियो पर बीजेपी हमलावर है. इस वीडियो को बीजेपी राजस्थान के ऑफिशियल हैंडल से शेयर किया गया है. रोहित बोहरा धौलपुर जिले की राजाखेड़ा सीट से विधायक हैं और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं. बीते दिन (12 फरवरी) कार्यवाही के दौरान उन्होंने कुछ ऐसा किया कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसी के चलते उनके आचरण को लेकर बहस भी तेज हो गई है. इस मामले में संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने भी प्रतिक्रिया दी है. हालांकि कांग्रेस की ओर से इस पर कोई बयान सामने नहीं आया है. 

बीजेपी ने कांग्रेस से पूछा सवाल

बीजेपी ने वीडियो शेयर कर पूछा, "जयपुर विधानसभा में जनता से जुड़े मुद्दों पर शून्यकाल चल रहा था और कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा हंसते हुए कैमरे में अभद्र इशारा करते दिखे! क्या यही है कांग्रेस के संस्कार?" साथ ही बीजेपी ने इसे सदन की गरिमा के खिलाफ आचरण बताया और सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी.

बेढम बोले- ऐसे आचरण पर लोग तो उंगलियां उठाएंगे

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बयान दिया कि विधानसभा का सदन पवित्र है और इसमें आचरण का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. प्रत्येक व्यक्ति शुद्ध आचरण करें, क्योंकि उनके आचरण पर जनता भी ध्यान रखती है और कई बार लोग उनको फॉलो भी करते हैं. बेढम ने कहा कि जिन विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, उनको आत्मचिंतन करना चाहिए. साथ ही अपने आचरण में सुधार भी करना चाहिए, वरना लोग तो उंगलियां उठाएंगे ही.

Advertisement

संसदीय कार्यमंत्री ने दी नसीहत

वहीं, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भी बयान दिया. उन्होंने कहा, "विधानसभा में जो आचरण किया गया, वह बहुत शर्मनाक है. विधायक दल की बैठक में इस बारे में पूरी चर्चा करके तथ्य और नियमों की जानकारी लेंगे. जरूरी हुआ तो इस पर कार्रवाई भी करेंगे." उन्होंने पक्ष–विपक्ष से आग्रह करते हुए कहा कि राजस्थान की 8 करोड़ जनता और देश के लोग देखते हैं. ऐसे में हमारे व्यक्तित्व, कृतित्व और वाणी का जिक्र अच्छे काम के लिए करें बुरे काम के लिए नहीं.

यह भी पढ़ेंः करोड़ों की ठगी मामले में फिल्ममेकर विक्रम भट्ट को बड़ी राहत, सुप्रीम कोर्ट ने दी अंतरिम जमानत