दौसा में कल शाम से लापता 12वीं की छात्रा का पेड़ से लटका मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

दौसा के चांदावास गांव में एक 12वीं की छात्रा का शव घर से 400 मीटर दूर पेड़ से लटका मिला. बीती शाम से लापता छात्रा की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
दौसा में 12वीं की छात्रा का पेड़ से लटका मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच (प्रतीकात्मक तस्वीर)
NDTV Reporter

Dausa News: राजस्थान के दौसा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के चांदावास गांव में एक 12वीं कक्षा की छात्रा का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान कोमल के रूप में हुई है, जिसका शव उसके घर से करीब 400 मीटर दूर एक आड़ू के पेड़ से लटका हुआ मिला. इस घटना के बाद से गांव में दहशत और शोक का माहौल है.

कल शाम से लापता थी छात्रा

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कोमल बीती देर शाम से अचानक घर से लापता हो गई थी. परिवार के लोग पूरी रात उसे आसपास और जान-पहचान वालों के यहां तलाशते रहे, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा. सुबह जब ग्रामीणों ने घर से कुछ ही दूरी पर पेड़ से शव लटका देखा, तो परिवार में कोहराम मच गया.

Advertisement

पुलिस ने कब्जे में लिया शव, पोस्टमार्टम जारी

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया. मृतका के शव को तुरंत रामगढ़ पचवारा उप जिला अस्पताल भेजा गया, जहां फिलहाल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है.

आत्महत्या या कुछ और? जांच में जुटी पुलिस

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहन जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, बूंदी-कोटा हाईवे पर पलटी दिल्ली जा रही स्लीपर बस; 15 यात्री घायल