डीग जिले के बेला गांव से रोजी-रोटी की तलाश में हैदराबाद गए युवक की मौत की खबर आई गई. जेसीबी ऑपरेटर का काम करने वाले युवक की दर्दनाक हादसे में जान चली गई. मृतक शाकिर की मौत की खबर के बाद परिवार और गांव में मातम छा गया. जानकारी के अनुसार, हैदराबाद में एक पुरानी बिल्डिंग को गिराने का काम चल रहा था. शाकिर भी जेसीबी मशीन के साथ काम में जुटे थे. तभी अचानक इमारत का एक बड़ा हिस्सा सीधे मशीन पर गिर पड़ा. इस हादसे में शाकिर मलबे के नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई.
रेस्क्यू ऑपरेशन भी काम नहीं आया
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कई घंटों की मशक्कत के बाद शाकिर को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर पहुंचने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई. शाकिर के चार मासूम बच्चे समेत पूरे परिवार पर पहाड़ सा टूट गया.
सरकार से आर्थिक सहायता की मांग
गांव के लोग शव को वापस लाने के लिए हैदराबाद रवाना हो गए हैं. ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है. उनका कहना है कि शाकिर की मौत के बाद परिवार के लिए परेशानी बढ़ जाएगी. ऐसे में आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार को कठिन समय में सहारा देनना चाहिए.
यह भी पढ़ेंः बांसवाड़ा में युवक की हत्या के बाद परिजनों ने फूंक दिया गांव, पुलिस पर भी पथराव