पुलिस की नाक के नीचे चोरी की कोशिश! चौकी से कुछ दूर दुकान का शटर तोड़ने का प्रयास; 7 दिन पहले भी हुई थी वारदात

कामां में पुलिस चौकी के ठीक नीचे सुनारों की दुकानों में चोर ने शटर तोड़ने की कोशिश की. हालांकि, चोर वारदात को अंजाम देने में असफल रहा और फरार हो गया. लेकिन, इसी इलाके में 30 मार्च को चोरी की घटना सामने आ चुकी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कामां पुलिस चौकी से कुछ दूर ही दुकान मौजूद है.

डीग के कामां कस्बे में पुलिस चौकी के ठीक नीचे स्थित दो ज्वेलर्स की दुकानों में चोरी की कोशिश की गई. हालांकि चोर सफल नहीं हो सका, लेकिन इस घटना ने पूरे बाजार में भारी रोष और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है. सीसीटीवी में कैद घटना के मुताबिक, बीती रात चोर ने टाउन पुलिस चौकी के नीचे सुनारों की दुकानों को निशाना बनाया. चोर अपने साथ बड़ा पत्थर और लोहे का पाइप लेकर आया था. उसने पत्थर से शटर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा. 

सीसीटीवी से छेड़छाड़ करता दिखा चोर

इस दौरान चोर सीसीटीवी कैमरों से छेड़छाड़ भी करता दिखा. उसने कैमरों को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश की. व्यापारी वर्ग में काफी आक्रोश है. वे पुलिस से जल्द चोर को पकड़ने की मांग कर रहे हैं. कामां पुलिस अब बाजार में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गहन जांच में जुट गई है. चोर की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.

Advertisement

पहले भी हो चुकी है घटना

बताया जा रहा है कि यही चोर 30 मार्च को भी इसी बाजार में एक किराने के शोरूम को निशाना बना चुका है. उस समय भी उसने सीसीटीवी कैमरों की दिशा मोड़ी थी और कुछ कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था. हैरानी की बात यह है कि कुछ ही दूर चौकी मौजूद होने के बावजूद, नजदीक के बाजार में एक के बाद एक ऐसा मामला सामने आ रहा है और चोरों के हौंसले भी बुलंद हैं.

एक हफ्ते बाद भी पुलिस खाली हाथ

ऐसे ही मामले में पीड़ित दुकानदार ने एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस अब तक चोर को पकड़ नहीं पाई. दुकानदारों का कहना है कि उस वक्त चोर की पहचान भी स्पष्ट हो गई थी, लेकिन फिर भी पुलिस नाकाम रही.

यह भी पढ़ेंः राजस्थान के सरकारी अस्पताल में परोसी गई 'कीड़े' वाली खिचड़ी, मरीज बोले- बीमारी से नहीं, सिस्टम से मर जाएंगे